राजस्थान: कमरे में मिली महिला, सुसाइड नोट ने खोला चौंकाने वाला राज
एक महिला अपने कमरे में संदिग्ध हालात में मिली, जिसके बाद मौके से मिला एक नोट कई सवाल खड़े कर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय विवाहिता ने अपने घर में पंखे के हुक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका इंदिरा देवी की शादी करीब तीन साल पहले मदन कुमार के साथ आटे-साटे प्रथा के तहत हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। परिवार और रिश्तेदारों की समझाइश के बावजूद रिश्तों में सुधार नहीं हो सका।
घटना वाली रात विवाहिता ने खाना खाने के बाद अपने कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजनों ने दरवाजा नहीं खुलने पर शक हुआ तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां वह फंदे से लटकी मिली।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतका ने अपने पति, देवर और सास पर लगातार झगड़ा और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उसने यह भी लिखा कि वह अब इस स्थिति में नहीं रह सकती और जीवन समाप्त कर रही है, साथ ही अपील की कि किसी और बेटी के साथ ऐसा न हो।
सूचना मिलने पर सेड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतका के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पति मदन कुमार, देवर दिनेश कुमार और सास मानी देवी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच चौहटन डीएसपी जेठाराम को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है।