ट्रैवल्स बस की टक्कर से स्कूली वैन क्षतिग्रस्त, 35 बच्चों में मची अफरा-तफरी; 3 घायल, एक को सांचौर रेफर

बालोतरा के धोरीमन्ना क्षेत्र में एक ट्रैवल्स बस ने स्कूली वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय वैन में 35 बच्चे सवार थे। टक्कर में 3 बच्चे घायल हो गए, जिनमें से एक को सांचौर रेफर किया गया। सभी बच्चों की हालत फिलहाल सुरक्षित बताई जा रही है।

Apr 24, 2026 - 13:07
ट्रैवल्स बस की टक्कर से स्कूली वैन क्षतिग्रस्त, 35 बच्चों में मची अफरा-तफरी; 3 घायल, एक को सांचौर रेफर

राजस्थान के बालोतरा जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस ने बच्चों से भरी स्कूली वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय वैन में करीब 35 बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूली वैन का पिछला हिस्सा और ट्रैवल्स बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के जालबेरी गांव की है, जहां सुबह करीब साढ़े सात बजे यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, गुरुकुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वैन बच्चों को उनके घरों से लेकर स्कूल जा रही थी। जालबेरी गांव में वैन साइड में खड़ी थी, तभी चौहटन की ओर से आ रही बीएल ट्रैवल्स की बस ने पीछे से टक्कर मार दी।

हादसे में वैन के पीछे बैठे 5 बच्चों को चोट लगी, जिनमें से 3 बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए सांचौर रेफर किया गया। बच्चे के कान के पास चोट आई थी, लेकिन फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, वैन के पीछे लोहे की एंगल लगी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया और सभी बच्चों की जान सुरक्षित रही। अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है, वहीं बस चालक की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.