“अचानक स्कूल पहुंचे मंत्री… छात्रा के जवाब ने जीता दिल, लेकिन बाहर निकलते ही क्यों भड़क उठे दिलावर?”

Madan Dilawar के औचक निरीक्षण में पहले छात्रा के जवाब ने दिल जीत लिया, लेकिन स्कूल से बाहर निकलते ही ऐसा क्या दिखा कि अधिकारियों पर टूट पड़ा गुस्सा? जानिए पूरी कहानी…

Apr 23, 2026 - 15:51
“अचानक स्कूल पहुंचे मंत्री… छात्रा के जवाब ने जीता दिल, लेकिन बाहर निकलते ही क्यों भड़क उठे दिलावर?”

राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री Madan Dilawar अपने श्रीगंगानगर दौरे के दूसरे दिन गुरुवार सुबह एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। बिना किसी पूर्व सूचना के उन्होंने सादुलपुर ब्लॉक के मम्मड खेड़ा गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक स्कूल पहुंचने से प्रशासनिक अधिकारियों और स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया।

मंत्री दिलावर सीधे स्कूल परिसर में पहुंचे और बिना औपचारिकता के कक्षा 7वीं में प्रवेश कर गए। वहां उन्होंने बच्चों से बातचीत शुरू की और पढ़ाई के स्तर को परखने के लिए सवाल पूछे। इसी दौरान उन्होंने एक छात्रा से पूछा—“भारत का संविधान किसने बनाया?”

छात्रा ने न केवल सही जवाब दिया, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ विस्तार से संविधान निर्माण की प्रक्रिया भी समझाई। बच्ची का ज्ञान और आत्मविश्वास देखकर मंत्री दिलावर बेहद खुश हुए। उन्होंने पूरी कक्षा के सामने छात्रा की सराहना करते हुए कहा—“शाबाश! तुमने बहुत ही सही और उत्तम उत्तर दिया है।” इस पल ने कक्षा में उत्साह का माहौल बना दिया और अन्य छात्रों को भी प्रेरित किया।

स्कूल के बाहर दिखी हकीकत, मंत्री हुए नाराज़

हालांकि स्कूल के भीतर शिक्षा व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए मंत्री जब बाहर निकले तो गांव की हालत देखकर उनका मूड बदल गया। मम्मड खेड़ा गांव की गलियों में जलभराव और गंदगी देख वे नाराज हो गए।

उन्होंने मौके पर मौजूद जिला परिषद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए पूछा—“यहां सोख्ता पिट (Soak Pit) क्यों नहीं बनाया गया?” मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तुरंत जल निकासी की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

 अधिकारी भी रहे मौजूद

इस निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के एसीईओ हरिराम चौहान, एक्सईएन रमेश मैदान और कार्यवाहक जिला शिक्षा अधिकारी अरविंदर सिंह समेत शिक्षा एवं पंचायत राज विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मंत्री ने सभी को जिम्मेदारी तय करते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मंत्री मदन दिलावर का यह औचक निरीक्षण अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। खासकर छात्रा के जवाब पर उनकी प्रतिक्रिया और गांव की व्यवस्था पर नाराजगी वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground