चाचा-ताऊ के परिवार में खूनी झड़प: पिता-पुत्र पर चाकू से हमला, घर के बाहर पड़ी बजरी भी फैलाई, गांव में तनाव
अलवर के एक गांव में पुराना विवाद अचानक हिंसक हो गया। दो परिवार आमने-सामने आ गए, जिसमें कई लोग घायल हुए और हालात तनावपूर्ण बन गए।
राजस्थान के अलवर जिले के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के ऊंटवाल गांव में शुक्रवार दोपहर एक पुराना विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। रास्ते को लेकर चल रहे विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई।
इस घटना में 40 वर्षीय राजेंद्र और उनके पिता हुकम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अलवर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में रखे हुए है।
पुराना विवाद बना हिंसा की वजह
घायल राजेंद्र के अनुसार, उनके परिवार और चाचा के परिवार के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। गांव में आने-जाने के लिए दो रास्ते हैं—एक घर के अंदर से और दूसरा बाहर से। आरोप है कि चाचा के बेटे बार-बार घर के अंदर वाले रास्ते का उपयोग करते हैं, जिसको लेकर कई बार कहासुनी हो चुकी है।
टोकने पर भड़का विवाद
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जब राजेंद्र ने इस बात को लेकर विरोध जताया, तो विवाद अचानक बढ़ गया। आरोप है कि सुभाष, राजाराम, राजेश सहित चार लोगों ने मिलकर हमला कर दिया।
चाकू और डंडों से हमला
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों में से दो के पास चाकू थे, जिन्होंने पीछे से वार कर राजेंद्र की पीठ पर गहरे घाव कर दिए। इस दौरान काफी खून बह गया। वहीं, उनके पिता हुकम सिंह के साथ भी डंडों और घूंसे से मारपीट की गई, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें आईं।
सामान को भी नुकसान
हमले के बाद आरोपियों ने घर के बाहर पड़ी तीन ट्रैक्टर बजरी को भी फैला दिया, जो निर्माण कार्य के लिए मंगवाई गई थी। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस में शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बगड़ तिराहा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर केस दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।