उदयपुर में लेपर्ड का आतंक: बाड़े में घुसकर 4 बकरियों को बनाया शिकार, गांव में दहशत

उदयपुर के ऋषभदेव क्षेत्र में लेपर्ड ने बाड़े में घुसकर 4 बकरियों को मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग।

Apr 5, 2026 - 17:49
उदयपुर में लेपर्ड का आतंक: बाड़े में घुसकर 4 बकरियों को बनाया शिकार, गांव में दहशत

राजस्थान के उदयपुर जिले के ऋषभदेव क्षेत्र में लेपर्ड का आतंक एक बार फिर सामने आया है। उगमणा कोटड़ा पंचायत के कदवाल गांव में शनिवार देर रात एक लेपर्ड ने बाड़े में बंधी चार बकरियों का शिकार कर लिया।

घटना के दौरान लेपर्ड एक बकरी को मारकर अपने साथ ले गया, जबकि तीन बकरियां बाड़े में ही मृत पाई गईं। मृत बकरियों के शव देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि लेपर्ड ने उनकी गर्दन को जबड़े से दबाकर हमला किया।

सुबह जब बकरियों के मालिक सुरेश मीणा बाड़े की तरफ पहुंचे तो यह दृश्य देखकर हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि उनका परिवार खेती और पशुपालन पर निर्भर है, ऐसे में इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी दो बार घर के आसपास लेपर्ड नजर आ चुका है।

ग्रामीणों में डर का माहौल

इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब रात के समय अकेले बाहर निकलना और पशुओं को सुरक्षित रखना बेहद मुश्किल हो गया है।

वन विभाग से कार्रवाई की मांग

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार किया। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि आसपास पहाड़ी और जंगल क्षेत्र होने के कारण यहां लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बना रहता है, जिससे ऐसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground