6 साल के मासूम को सांप ने डसा, डेढ़ घंटे में मौत... मां शव से लिपटकर रोती रही
बांसवाड़ा के खटवाड़ा गांव में 6 साल के मासूम रौनक को खेलते समय सांप ने डस लिया। इलाज के दौरान करीब डेढ़ घंटे में उसकी मौत हो गई।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेलते-खेलते एक 6 साल के मासूम की सांप के डसने से मौत हो गई। यह हादसा गढ़ी थाना क्षेत्र के खटवाड़ा गांव में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।
घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 6 साल का रौनक मईड़ा अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह पास में पड़े पत्थरों के ढेर के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पत्थरों के बीच छिपे एक सांप ने अचानक उसके पैर में काट लिया। सांप के काटते ही बच्चा जोर-जोर से चीखने लगा, जिससे परिजन तुरंत बाहर दौड़े।
अस्पताल ले जाने की कोशिश, लेकिन नहीं बच सका
परिजन आनन-फानन में बच्चे को परतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने के करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बेसुध हो गई और बच्चे के शव से लिपटकर रोने लगी। परिवार का हर सदस्य गहरे सदमे में है और घर में मातम पसरा हुआ है।
छुट्टियां मनाने आया था परिवार
मृतक रौनक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसका परिवार करीब 15 दिन पहले ही आंबापुरा थाना क्षेत्र से अपने ननिहाल खटवाड़ा गांव छुट्टियां बिताने आया था। लेकिन यह छुट्टी परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गई।
पिता ने बताया पूरा घटनाक्रम
बच्चे के पिता मुकेश मईड़ा ने बताया कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी घर के अंदर चाय बना रहे थे। बाहर खेल रहा बेटा अचानक चीखने लगा। बाहर जाकर देखा तो वह दर्द से तड़प रहा था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे खटवाड़ा गांव में शोक की लहर है। लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। मासूम की अचानक मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।