जोधपुर में देर रात आगजनी से सनसनी घर में घुसकर चार वाहनों को फूंका अवैध खनन विवाद बना वजह...

जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर बाहर खड़े डंपर, ट्रक, कार और कैम्पर में आग लगा दी। आरोपियों ने ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलें मकान की ओर भी फेंकी, हालांकि परिवार ने समय रहते आग बुझाकर बड़ा हादसा टाल दिया। घटना के पीछे केरू गांव में चल रहा अवैध खनन विवाद कारण माना जा रहा है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Feb 23, 2026 - 14:16
जोधपुर में देर रात आगजनी से सनसनी घर में घुसकर चार वाहनों को फूंका अवैध खनन विवाद बना वजह...

जोधपुर (राजस्थान):-  जोधपुर शहर में रविवार देर रात बदमाशों द्वारा की गई आगजनी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। आरोप है कि 10 से अधिक लोग एक मकान की चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और बाहर खड़े चार वाहनों में आग लगा दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलें मकान की ओर भी फेंकीं, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन जलते हुए दिखाई दे रहे हैं।

रात 3 बजे घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एडवोकेट रविंद्र चौधरी ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रविवार रात करीब 3 बजे 10 से ज्यादा बदमाश उनके घर की चारदीवारी कूदकर अंदर घुस आए। आरोपियों के हाथों में पेट्रोल और कांच की बोतलों में भरा ज्वलनशील पदार्थ था।

बदमाशों ने घर के बाहर खड़े डंपर, ट्रक, कार और कैम्पर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में वाहन आग की लपटों में घिर गए।

परिवार ने बुझाई आग, बड़ा हादसा टला

वाहनों में आग लगते देख परिवार के सदस्य तुरंत बाहर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

इस दौरान आरोपियों ने घर की ओर भी ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलें फेंकीं, जो दीवार से टकराकर नीचे गिर गईं। गनीमत रही कि आग घर के अंदर नहीं पहुंची और परिवार के किसी सदस्य को चोट नहीं आई।

डराने और नुकसान पहुंचाने की नीयत का आरोप

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने जानबूझकर परिवार में भय का माहौल बनाने और आर्थिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह हमला किया। घटना के तुरंत बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

शिकायत के आधार पर राकेश मांजू, बुद्धाराम गोदारा, नेमाराम बिश्नोई, मुन्नाराम, बजरंग और सतीश सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अवैध माइनिंग को लेकर पुराना विवाद

जानकारी के अनुसार, केरू गांव में पत्थर के खनन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। करीब 17 दिन पहले भी वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई थी। उस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लिया था।

पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते ही इस बार फिर आगजनी की वारदात को अंजाम दिया गया।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।