भिवाड़ी में अचानक मचा बवाल: नोएडा के बाद यहां भी सड़क पर उतरे श्रमिक, पुलिस से हुई तीखी झड़प… क्या है असली वजह?
नोएडा के बाद अब भिवाड़ी में भी श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा। वेतन बढ़ोतरी की मांग ने ऐसा रूप लिया कि सड़कें जाम हो गईं और पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा… आगे क्या हुआ?
राजस्थान के भिवाड़ी में सोमवार सुबह उस वक्त माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब चौपांकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुप्राजीत इंजीनियरिंग लिमिटेड में काम कर रहे श्रमिकों ने वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नोएडा में चल रहे कर्मचारियों के आंदोलन की खबरों के बीच भिवाड़ी से आई ये तस्वीरें एक बड़े श्रमिक असंतोष की ओर इशारा कर रही हैं।
धरने से सड़क जाम तक, अचानक बिगड़ा माहौल
सुबह से कंपनी परिसर में शांतिपूर्ण धरना दे रहे श्रमिकों का गुस्सा धीरे-धीरे बढ़ता गया। कुछ ही देर में महिला श्रमिकों समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी सड़क पर उतर आए और जाम लगाने की कोशिश करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और पहले समझाइश दी, लेकिन जब श्रमिक नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर उन्हें सड़क से हटाना पड़ा। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर
भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि हालात अब नियंत्रण में हैं और श्रमिकों व कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही कोई समाधान निकल सकता है।
क्या है विवाद की असली वजह?
जानकारी के मुताबिक, कंपनी में केबल निर्माण का काम होता है और यहां काम कर रहे श्रमिक लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर यह विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हिरासत में लिए गए श्रमिकों को जल्द ही छोड़ने की बात भी सामने आई है।