अजमेर में सांड का ‘हंगामा’: घर में घुसकर बेडरूम तक पहुंचा, पलंग पर मचाई तबाही
अजमेर के गुलाब बाड़ी में सांड घर में घुसकर बेडरूम तक पहुंच गया। पलंग पर चढ़कर तोड़फोड़ की, 1 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
गुलाब बाड़ी में सांड का आतंक, घर में घुसकर बेडरूम में मचाई तोड़फोड़
अजमेर के गुलाब बाड़ी इलाके में शुक्रवार रात एक आवारा सांड ने पूरे मोहल्ले में हड़कंप मचा दिया। मिस्त्री मोहल्ला में रात करीब 9 बजे दो सांडों के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जिसके बाद एक सांड अचानक पास के एक घर में घुस गया और वहां जमकर उत्पात मचाया।
सीधे बेडरूम में पहुंचा सांड
जानकारी के अनुसार, सांड प्रेमचंद बैरवा के घर में घुस गया और सीधे बेडरूम तक पहुंच गया। वहां उसने पलंग पर चढ़कर पूरे बिस्तर को गंदा कर दिया और प्लाईवुड तक तोड़ डाली। घर में अचानक सांड के घुसने से परिवार के लोग घबरा गए।
बाइकों में भी की तोड़फोड़
मोहल्ले के निवासी आकाश बंसल ने बताया कि सांडों की लड़ाई के दौरान इलाके में खड़ी करीब 7 से 8 बाइकों को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद एक सांड घर में घुस गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
1 घंटे तक चला ‘ऑपरेशन सांड’
घरवालों और मोहल्ले के लोगों ने सांड को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वह बेडरूम में ही डटा रहा। करीब एक घंटे तक लोग उसे रोटियां खिलाकर बाहर निकालने की कोशिश करते रहे।
हैरानी की बात यह रही कि सांड बेड पर खड़े-खड़े ही रोटियां खाता रहा और बाहर निकलने का नाम नहीं ले रहा था। आखिरकार करीब एक घंटे बाद सांड खुद ही घर से बाहर निकला।
प्रशासन को नहीं दी सूचना
इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने नगर निगम या प्रशासन को सूचना नहीं दी और खुद ही स्थिति को संभालने की कोशिश करते रहे। यह घटना शहर में आवारा पशुओं की समस्या और इससे होने वाले खतरों को एक बार फिर उजागर करती है।