“SI Exam 2026: उदयपुर में परीक्षा शुरू, सेंटर पहुंचने से पहले जरूर पढ़ें ये जरूरी गाइडलाइन”
उदयपुर में RPSC SI परीक्षा की तैयारियां पूरी। 105 केंद्रों पर 1.32 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा और नियमों को लेकर प्रशासन अलर्ट।
उदयपुर में RPSC SI और प्लाटून कमांडर परीक्षा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित सब-इंस्पेक्टर (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा को लेकर उदयपुर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 5 और 6 अप्रैल को होने वाली इस परीक्षा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
105 केंद्रों पर सवा लाख से ज्यादा अभ्यर्थी
इस बार उदयपुर जिले में कुल 105 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 1 लाख 32 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने यातायात, सुरक्षा और ठहरने की विशेष व्यवस्था की है।
फतेह स्कूल में तैयारियों का जायजा
उदयपुर के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में शामिल राजकीय उच्च माध्यमिक फतेह स्कूल में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूल के प्रिंसिपल गजेंद्र आवोत ने बताया कि आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले स्टाफ की अंतिम ब्रीफिंग की जाएगी, ताकि परीक्षा का संचालन पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रूप से हो सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। RPSC की ओर से जारी सभी नियमों और चेतावनियों को केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर पहले ही चस्पा कर दिया गया है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
- समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य
- प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र साथ लाना जरूरी
- नीली स्याही का पारदर्शी बॉल पेन साथ रखें
इन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा किताबें, कागज, बैग, आभूषण, बेल्ट या अन्य संदिग्ध वस्तुएं भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।