शादी में मेहमान बनकर आए… और 40 लाख लेकर गायब! आखिर कैसे खुला देशभर में फैली इस गैंग का राज?
शादी की खुशियों के बीच एक ऐसी वारदात हुई, जिसने सभी को चौंका दिया… लेकिन असली कहानी तब सामने आई जब पुलिस ने इस गैंग का पर्दाफाश किया।
राजस्थान के उदयपुर में एक ऐसी चौंकाने वाली वारदात सामने आई, जिसने शादी समारोहों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए। खुशियों से भरे एक रिसेप्शन में मेहमान बनकर आए बदमाशों ने चंद मिनटों में करीब 40 लाख रुपए के गहने साफ कर दिए और मौके से फरार हो गए।
यह घटना 11 मार्च 2026 की है, जब महाप्रज्ञ विहार स्थित तेरापंथ भवन में एक शादी का रिसेप्शन चल रहा था। दूल्हे के पिता नरेंद्र शर्मा अपने हाथ में एक काला बैग लेकर मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। इसी बैग में दुल्हन के लिए सोने-चांदी के कीमती गहने रखे हुए थे। तभी रात करीब 10:38 बजे, कुछ लोग मेहमान बनकर आए और मौका पाकर बैग लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद उदयपुर पुलिस हरकत में आई। एसपी डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में टीम गठित की गई और आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि यह कोई आम चोरी नहीं, बल्कि एक शातिर गैंग का काम है जो अलग-अलग राज्यों में शादी समारोहों को निशाना बनाती है। इसके बाद पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कडिया सांसी और गुलखेड़ी गांवों में डेरा डाला और कई दिनों तक रैकी की।
आखिरकार तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों—विकास (26) और नकुल (24)—को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले से जुड़े हैं। गिरफ्तारी के दौरान दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन गिरने से घायल हो गए और पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह और भी हैरान करने वाला था। दोनों बदमाशों ने देशभर में करीब 50 से ज्यादा वारदातों को कबूल किया। यह गैंग राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश जैसे कई राज्यों में शादी समारोहों और बैंक के बाहर रैकी कर चोरी और लूट की घटनाएं अंजाम देती थी।
पुलिस ने इनके पास से उदयपुर की शादी से चुराए गए करीब 40 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने भी बरामद कर लिए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नकुल के पिता के खिलाफ भी कई राज्यों में चोरी और लूट के 16 से अधिक मामले दर्ज हैं।
इस पूरे मामले ने यह साफ कर दिया है कि शादी समारोहों में अनजान लोगों की एंट्री कितनी बड़ी सुरक्षा चूक बन सकती है। फिलहाल पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहराई से जांच जारी है।