बाड़मेर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय सहकारी बैंक खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता "को-ऑप स्पोर्ट्स 2025" की भव्य तैयारियां
राजस्थान की सहकारी बैंकों की खेल एवं सांस्कृतिक संस्था "स्पैक्ट्रम" द्वारा बाड़मेर में 26 से 28 दिसंबर 2025 तक राज्य स्तरीय "को-ऑप स्पोर्ट्स 2025" का आयोजन किया जा रहा है। दी सैन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक बाड़मेर की मेजबानी में होने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 31 टीमों के लगभग 350 खिलाड़ी भाग लेंगे। इंडोर गेम्स (टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कैरम), वॉलीबॉल, एथलेटिक्स इवेंट्स, मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। उद्घाटन में मंत्री गौतम दक मुख्य अतिथि होंगे।
बाड़मेर। राजस्थान के सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली प्रमुख संस्था "स्पैक्ट्रम" (दी स्पोर्ट्स एण्ड कल्चरल सोसायटी ऑफ को-ऑपरेटिव बैंक्स इन राजस्थान) एक बार फिर राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करने जा रही है। यह संस्था राज्य के शीर्ष बैंक (एपेक्स बैंक) तथा 29 केन्द्रीय सहकारी बैंकों की संयुक्त खेलकूद व सांस्कृतिक समिति है। राज्य भर के जिला स्तरीय केन्द्रीय सहकारी बैंकों की खेल समितियां "स्पैक्ट्रम" से संबद्ध हैं और प्रतिवर्ष यह संस्था विभिन्न जिलों के सहकारी बैंकों के साथ मिलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन करती आ रही है।
स्पैक्ट्रम के अध्यक्ष श्री एस.एल. स्वामी ने बताया कि अब तक ये प्रतियोगिताएं राज्य के 15 विभिन्न केन्द्रीय सहकारी बैंकों के तत्वावधान में सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इस वर्ष दी सैन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि., बाड़मेर की मेजबानी में 26 से 28 दिसंबर 2025 तक तीन दिवसीय "को-ऑप स्पोर्ट्स 2025" का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में राज्य के 29 केन्द्रीय सहकारी बैंक तथा एपेक्स बैंक की दो टीमों सहित कुल 31 टीमों के लगभग 350 खिलाड़ी भाग लेंगे। यह आयोजन सहकारी क्षेत्र में खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करने का एक बड़ा मंच साबित होगा।प्रतियोगिताओं का मुख्य स्थल पी.एम. श्री हाई स्कूल ग्राउण्ड होगा, जहां इंडोर गेम्स के साथ-साथ एथलेटिक्स इवेंट्स भी आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह अत्यंत आकर्षक होगा, जिसमें स्पैक्ट्रम का ध्वजारोहण, मार्च पास्ट और मुक्ताकाश में गुब्बारे छोड़े जाएंगे। मार्च पास्ट का नेतृत्व पिछले आयोजन की "प्लेयर ऑफ द मीट" श्रीमति मीनू पूनिया (जयपुर सीसीबी) करेंगी।
प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम और नियम इंडोर गेम्स: स्पैक्ट्रम के पूर्व उपाध्यक्ष श्री अनवर अली के अनुसार टेबल टेनिस, बैडमिंटन और कैरम टीम स्तर पर खेली जाएंगी। इनमें दो एकल और एक युगल मैच बेस्ट ऑफ थ्री के आधार पर होंगे। कैरम के मुकाबले बेस्ट ऑफ 5 या 25 अंकों (जो पहले पूरा हो) के आधार पर निर्णीत होंगे।वॉलीबॉल: उप रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां) बाड़मेर श्री जगदीश कुमार सुथार ने बताया कि वॉलीबॉल मैच शीर्ष बैंक और सात खंड स्तरीय बैंक टीमों के बीच होंगे। निर्णय 25 अंकों के आधार पर होगा, जिसमें सर्विस चेंज नियम लागू नहीं होंगे।एथलेटिक्स इवेंट्स: आयोजन सचिव श्री अमराराम चौधरी के अनुसार उद्घाटन के साथ ही एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। इनमें पुरुष वर्ग के लिए 100 मीटर दौड़, 4x100 मीटर रिले, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा महिला वर्ग के लिए 50 मीटर दौड़, म्यूजिकल चेयर और एक मिनट प्रतियोगिता शामिल हैं।मैराथन दौड़: दूसरे दिन प्रातः 7 बजे सहकारिता के नारों के साथ मैराथन शुरू होगी, जो अग्रवाल पंचायत भवन से मेजबान बैंक के प्रधान कार्यालय तक चलेगी। इसे जिला कलक्टर बाड़मेर और पुलिस अधीक्षक हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
उद्घाटन और समापन समारोह आयोजन अध्यक्ष एवं मेजबान बैंक के प्रबंध निदेशक श्री हरिसिंह पूनिया ने बताया कि उद्घाटन अवसर पर माननीय गौतम दक, सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), राजस्थान सरकार मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमति मंजू राजपाल, प्रमुख शासन सचिव, सहकारिता एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, राजस्थान करेंगी। परंपरा के अनुसार सुश्री सुशीला खोथ (अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी) गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाएंगी तथा मंचासीन अतिथि खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करेंगे।समापन अवसर पर सुश्री सुनीता राजपाल (उपाध्यक्ष, स्पैक्ट्रम) के अनुसार टाउन हॉल बाड़मेर के सभागार में सायं 3 बजे से सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण समारोह होगा। प्रतिभागी सायंकाल अग्रवाल पंचायत भवन में सांस्कृतिक संध्या का आनंद भी लेंगे।
स्पैक्ट्रम की अनूठी पहल स्पैक्ट्रम के कोषाध्यक्ष श्री अरूण दीक्षित और पूर्व अध्यक्ष श्री अशोक माहेश्वरी ने बताया कि वर्ष 1983 से निरंतर आयोजित हो रही ये प्रतियोगिताएं सहकारी क्षेत्र में मिलनसारिता और समन्वय का प्रतीक हैं। पूरे देश में राजस्थान ही एकमात्र ऐसा प्रांत है जहां जिला स्तरीय केन्द्रीय सहकारी बैंकों और शीर्ष नेतृत्व के बीच इतने बड़े स्तर पर खेलों के माध्यम से सामंजस्य स्थापित होता है। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है बल्कि सहकारी बैंक कर्मियों में टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करता है।