ऑनलाइन गेम के नाम पर ठगी करने वाली गैंग पकड़ी: अलग-अलग मामलों में 9 गिरफ्तार, लैपटॉप और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप और टेलीग्राम के जरिए ठगी करने वाले दो अलग-अलग गिरोहों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने 'Rolex Fairplay App' से जुड़े दो ठगों को पकड़ा, जबकि मेड़तासिटी पुलिस ने टेलीग्राम टास्क ठगी गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा गोटन में 3 किलो डोडा पोस्त और खींवसर में अवैध शराब के साथ एक-एक आरोपी पकड़ा गया। रेप के फरार आरोपी को भी सीकर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की है।
नागौर। नागौर जिले की पुलिस ने साइबर ठगी, मादक पदार्थ तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थानों की पुलिस ने कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लाखों रुपये की ठगी करने वाले, टेलीग्राम पर टास्क के नाम पर ठगी करने वाले और अन्य अपराधी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, डोडा पोस्त, अवैध शराब और नकदी भी बरामद की है।
कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग ठगी गैंग का पर्दाफाश किया
जिले की कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन गेम्स के माध्यम से लोगों को ठगी करने वाली एक गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों सुनील और सुखवीर को गिरफ्तार किया है।दोनों आरोपी ‘Rolex Fairplay App’ के जरिए लोगों को लुभाते थे। वे यूजर्स को स्क्रीन पर ज्यादा रकम जीतने का प्रलोभन दिखाते और फिर उसी राशि को निकालने या ट्रांसफर करने के नाम पर उनसे पैसे हड़प लेते थे। इस गैंग की ठगी से कई लोग लाखों रुपये गंवा चुके हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप और 9 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आगे की जांच जारी है।
टेलीग्राम पर टास्क के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा
मेड़तासिटी पुलिस ने टेलीग्राम ऐप के जरिए ठगी करने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल, अनिल, प्रमेश और सुनील शामिल हैं। ये आरोपी टेलीग्राम पर ग्रुप और चैनल बनाकर लोगों को विभिन्न टास्क पूरा करने और उसके बदले अच्छी कमाई का झांसा देते थे। बाद में मनी विड्रॉल (पैसे निकालने) के नाम पर ठगी करते थे। वे खुद को कस्टमर सपोर्ट बताकर पीड़ितों से संपर्क बनाए रखते और धोखाधड़ी करते थे।इनके पास से 6 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड और 1 बैंक पासबुक जब्त की गई है। पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत डोडा पोस्त के साथ एक गिरफ्तार
गोटन पुलिस ने ‘ऑपरेशन संकल्प’ के अंतर्गत मादक पदार्थ तस्कर नेनाराम को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 3.085 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया है।पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर डोडा पोस्त के अलावा उसे पीसने वाली मिक्सी और तौलने का इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी जब्त किया है। यह कार्रवाई मादक पदार्थों के खिलाफ जिले में चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।
रेप का फरार आरोपी सीकर से पकड़ा गया
गोटन पुलिस ने रेप मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी मुकेश उर्फ मुकेशनाथ को सीकर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने विशेष रणनीति अपनाई। टीम ने किसान का भेष धारण कर रेतीले धोरों (रेगिस्तानी इलाकों) में सर्च ऑपरेशन चलाया और सफलतापूर्वक आरोपी को पकड़ लिया।
अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
खींवसर पुलिस ने अवैध शराब बेचने वाले मुमताज नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की दुकान (आंकला बस स्टैंड के पास) से भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब के साथ 8830 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस की अपील
नागौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपना बैंक खाता किराए पर न दें। साथ ही ऑनलाइन सट्टेबाजी, गेमिंग ऐप्स या टास्क के नाम पर होने वाली ठगी से दूर रहें। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।