लड़की से मिलने पहुंचे युवक की हत्या के बाद दो गांवों में हिंसा: आगजनी, पथराव और पुलिस पर हमला

बांसवाड़ा जिले में एक युवक की हत्या के बाद दो गांवों टामटिया और बस्सी आड़ा में हिंसा भड़क गई। युवक लड़की से मिलने गया था, जहां उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हमला, आगजनी और पथराव हुआ। 10 से ज्यादा घर और वाहन जला दिए गए, कई लोग घायल हुए। पुलिस पर भी हमला किया गया, हालांकि बाद में अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर काबू पाया गया।

Apr 27, 2026 - 10:48
लड़की से मिलने पहुंचे युवक की हत्या के बाद दो गांवों में हिंसा: आगजनी, पथराव और पुलिस पर हमला

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में रविवार रात एक युवक की हत्या के बाद दो गांवों में हिंसा भड़क उठी। टामटिया और बस्सी आड़ा गांव में हुए इस विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसमें आगजनी, पथराव और मारपीट की घटनाएं सामने आईं। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बस्सी आड़ा गांव का एक युवक रविवार रात करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ टामटिया गांव गया था। बताया जा रहा है कि वह एक लड़की से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान लड़की के परिवार और गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। पहले युवक के साथ मारपीट की गई और बाद में कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी गई।

घटना की जानकारी युवक के दोस्तों ने उसके परिवार को दी। इससे गुस्साए परिजनों और गांव के लोगों ने टामटिया गांव पर हमला बोल दिया। रात करीब 9 बजे बड़ी संख्या में लोगों ने गांव में घुसकर 10 से ज्यादा घरों में आग लगा दी। घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों और बाइकों को भी जला दिया गया। इस दौरान कई लोगों के साथ मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए।इस हमले के बाद टामटिया गांव के लोगों में भी आक्रोश फैल गया। देर रात करीब 11 बजे उन्होंने बस्सी आड़ा गांव में जवाबी हमला कर दिया। वहां भी जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं हुईं, जिससे दोनों गांवों में तनाव और बढ़ गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने गांव में एंट्री करने से रोक दिया। पुलिस पर पथराव किया गया और हालात नियंत्रण से बाहर हो गए। स्थिति को संभालने के लिए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। एसपी सुधीर जोशी समेत प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक मौके पर डटे रहे।

बताया जा रहा है कि टामटिया गांव के लोगों ने फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी अंदर नहीं जाने दिया, जिससे आग पर काबू पाने में भी देरी हुई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और दोनों गांवों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.