तेज रफ्तार थार का कहर: बाइक सवार को टक्कर मारकर चालक फरार, मजदूर की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अलवर के हनुमान चौराहे के पास तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सामौला गांव का रहने वाला था और नौकरी पर जा रहा था। हादसे के बाद थार चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
राजस्थान के अलवर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शहर के हनुमान चौराहे के पास तेज रफ्तार थार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए घायल को संभाला और बिना देर किए जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद थार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सामौला गांव निवासी 58 वर्षीय लच्छी के रूप में हुई है। वह फार्म ट्रेक कंपनी में काम करता था और रोज की तरह सुबह बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े 9 बजे हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थार कार तेज रफ्तार में थी और लापरवाही से चलाई जा रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है।लच्छी अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उनके पांच बच्चे हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब अचानक बढ़ गई है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।