चूरू में आधी रात सड़क पर मौत का मंजर: टक्कर के बाद उठीं आग की लपटें, गाड़ी में फंसे लोग… फिर जो हुआ दिल दहला देगा

चूरू में देर रात सड़क पर अचानक हुई टक्कर के बाद आग भड़क उठी… कुछ ही पलों में सब कुछ खत्म हो गया और तीन लोग जिंदा जल गए।

Apr 24, 2026 - 07:24
चूरू में आधी रात सड़क पर मौत का मंजर: टक्कर के बाद उठीं आग की लपटें, गाड़ी में फंसे लोग… फिर जो हुआ दिल दहला देगा

चूरू जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। पिलानी-सादुलपुर सड़क मार्ग पर स्थित थिरपाली छोटी और थिरपाली बड़ी गांव के बीच करीब रात 10 बजे एक बोलेरो जीप और डंपर की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों वाहन पूरी तरह लपटों में घिर गए। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही हमीरवास थाना अधिकारी राय सिंह सुथार, एएसपी रिछपाल सिंह और आईपीएस अभिजित पाटील पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को तुरंत बुलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस ने जाम में फंसे वाहनों को डायवर्ट कर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया।

तीन लोगों की दर्दनाक मौत

थाना पुलिस के अनुसार इस भीषण हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 बारात में जा रही थी बोलेरो

जानकारी के अनुसार बोलेरो गाड़ी चूरू नंबर की थी और उसमें सवार लोग सिधमुख क्षेत्र से पिलानी एक बारात में जा रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुके थे।

 पुलिस जांच जारी

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।