अजमेर में बाल विवाह पर सख्ती के दावों पर सवाल: वीडियो में दिखे नाबालिग जोड़ों के फेरे, SHO बोले—जांच के बाद होगी कार्रवाई
अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र में बाल विवाह का एक कथित वीडियो सामने आने से प्रशासन के सख्ती के दावों पर सवाल उठ गए हैं। वीडियो में दो नाबालिग जोड़ों के विवाह की रस्में होती दिखाई दे रही हैं। SHO ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
राजस्थान के अजमेर जिले में बाल विवाह रोकने को लेकर प्रशासन और पुलिस की सख्ती के दावों के बीच एक बार फिर ऐसे मामले सामने आने से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला गेगल थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां कथित तौर पर दो नाबालिग जोड़ों के विवाह का वीडियो सामने आया है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब पांच से सात दिन पुराना है। वीडियो में साफ तौर पर दो जोड़े विवाह की रस्में निभाते नजर आ रहे हैं। उनके परिजन हवन में बैठकर आहुतियां देते दिख रहे हैं, जबकि अन्य लोग भी समारोह में मौजूद हैं। वीडियो के सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
इस संबंध में जब गेगल थाना प्रभारी नरपतराम बाना से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी बाल विवाह की जानकारी नहीं है और न ही उन्होंने वीडियो देखा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 20 अप्रैल को अजमेर के भिनाय थाना क्षेत्र में भी बाल विवाह की सूचना पर प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। जांच के दौरान रिकॉर्ड चेक किए गए, जिसमें तीन बच्चे नाबालिग पाए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने समय रहते विवाह रुकवाया और संबंधित अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।