जयपुर में शादी… और फिर आतंकी का ऐसा राज़ खुला कि सुरक्षा एजेंसियां भी रह गईं हैरान
जयपुर कनेक्शन से जुड़े आतंकी ‘खरगोश’ का बड़ा खुलासा, शादी और फर्जी पहचान से विदेश भागने की साजिश सामने आई।
जयपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क की जांच के केंद्र में आ गया है। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी उमर हारिस उर्फ ‘खरगोश’ का जयपुर कनेक्शन सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि उमर हारिस ने कुछ साल पहले जयपुर में शादी कर स्थानीय पहचान हासिल की और इसी पहचान के आधार पर फर्जी दस्तावेज बनवाकर भारत से फरार हो गया। एजेंसियों के अनुसार, वह 2012 के आसपास पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कर सक्रिय हुआ था और लंबे समय तक सुरक्षा एजेंसियों से बचता रहा।
उसकी तेज गति और लगातार ठिकाना बदलने की आदत के कारण उसे ‘खरगोश’ कोडनेम दिया गया था।
मामला तब सामने आया जब श्रीनगर पुलिस ने लश्कर के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया और कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह नेटवर्क राजस्थान, हरियाणा और पंजाब तक फैला हुआ था और इसी के जरिए फर्जी आधार, पैन और वोटर आईडी तैयार किए जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि उमर हारिस ने जयपुर में एक स्थानीय परिवार से संपर्क कर शादी की और उसी आधार पर सज्जाद नाम से फर्जी भारतीय पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद वह 2024 में भारत से भागने में सफल रहा और इंडोनेशिया होते हुए खाड़ी देशों तक पहुंच गया।
फिलहाल उसके सऊदी अरब में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में दुल्हन के परिवार की भूमिका भी जांच के घेरे में है और पिता से पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं, क्योंकि यह मामला दस्तावेज सत्यापन व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करता है।