कलेक्टर के इंतजार में डेढ़ घंटे बैठे रहे विधायक-सांसद, नहीं पहुंचे तो कांग्रेस ने किया बहिष्कार; बैठक में हंगामा

श्रीगंगानगर में जिला परिषद की बैठक में कलेक्टर के नहीं पहुंचने पर कांग्रेस के विधायक और सांसद नाराज हो गए। करीब डेढ़ घंटे इंतजार के बाद उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया। जनप्रतिनिधियों ने जिले में पानी की किल्लत समेत कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं हो पाने पर नाराजगी जताई। बैठक के दौरान एक अन्य मामले को लेकर हंगामा भी हुआ, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

Apr 27, 2026 - 17:51
कलेक्टर के इंतजार में डेढ़ घंटे बैठे रहे विधायक-सांसद, नहीं पहुंचे तो कांग्रेस ने किया बहिष्कार; बैठक में हंगामा

राजस्थान के श्रीगंगानगर में सोमवार को जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक उस वक्त विवादों में आ गई, जब जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव बैठक में शामिल नहीं हुए। कलेक्टर के नहीं पहुंचने से कांग्रेस के विधायक और सांसद नाराज हो गए और करीब डेढ़ घंटे इंतजार करने के बाद बैठक का बहिष्कार कर बाहर निकल गए।

बैठक सुबह 10 बजे शुरू हुई थी, जिसमें श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा, करणपुर विधायक व कांग्रेस जिलाध्यक्ष रूपिंदर सिंह कुन्नर और सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। जनप्रतिनिधियों ने करीब 11:30 बजे तक कलेक्टर का इंतजार किया, लेकिन जब वे नहीं पहुंचे तो नाराज होकर बैठक छोड़ दी।

सांसद कुलदीप इंदौरा ने कलेक्टर की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी बैठकों का कार्यक्रम 15 दिन पहले तय हो जाता है। इसके बावजूद कलेक्टर का नहीं आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जिले के हालात इस समय काफी गंभीर हैं और बैठक में कलेक्टर की मौजूदगी जरूरी थी।उन्होंने जिले में पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं और किसानों की फसलें भी पानी के अभाव में प्रभावित हो रही हैं। अगर कलेक्टर बैठक में मौजूद रहते तो इन मुद्दों पर चर्चा कर समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए जा सकते थे।

वहीं विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर ने भी कलेक्टर की अनुपस्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कलेक्टर को बैठक में आने के लिए कहा था, लेकिन इसके बावजूद वे नहीं आए। उन्होंने इसे सरकार और प्रशासन की जनता के मुद्दों के प्रति गंभीरता की कमी बताया।

कुन्नर ने कहा कि यदि कलेक्टर बैठक में आते तो एसपी से जुड़े मामलों, गेहूं खरीद, पानी की किल्लत, नशे की समस्या सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सकती थी। जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया ने भी बैठक में कलेक्टर के नहीं आने पर नाराजगी जताते हुए इसे गलत बताया।

बैठक के दौरान एक अन्य मुद्दे को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। श्रीविजयनगर पंचायत समिति की प्रधान वीरपाल कौर ने 2 जीबी ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी राहुल गर्ग को हटाने की मांग उठाई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी पंचायत में काम नहीं कर रहा और घर बैठकर वेतन ले रहा है, साथ ही उसके पास अतिरिक्त पंचायत का भी प्रभार है।वीरपाल कौर ने बताया कि इस संबंध में कई बार बीडीओ से ट्रांसफर आदेश जारी करने को कहा गया, लेकिन हर बार टाल दिया गया। जब इस मुद्दे पर जिला परिषद के सीईओ मृदुल सिंह से जवाब मांगा गया तो वे हंसने लगे और कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इससे बैठक में माहौल गरमा गया और हंगामा शुरू हो गया।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.