एक पल में सब खत्म… गोद में खेल रही मासूम के साथ ऐसा क्या हुआ कि छा गया मातम?
एक टक्कर… और सब खत्म! आखिर उस रात क्या हुआ जिसने मासूम की जिंदगी छीन ली?
राजस्थान के डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र स्थित शीशवाड़ा गांव में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रही महिला और उसकी गोद में मौजूद 3 साल की मासूम बच्ची को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, शीशवाड़ा गांव निवासी 32 वर्षीय रजनी अपनी 3 साल की भतीजी कनक को गोद में लेकर रात करीब 9 बजे घर के पास स्थित एक परचून की दुकान पर सामान लेने गई थीं। सामान लेकर जैसे ही वह वापस लौट रही थीं, तभी पीछे से तेज गति में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम कनक रजनी की गोद से छिटककर दूर जा गिरी। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रजनी भी सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने कनक को मृत घोषित कर दिया। रजनी की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जनूथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
सोमवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद मासूम बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर किसी की आंखें नम हैं।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है। एक पल की चूक ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और एक परिवार को हमेशा के लिए दर्द दे दिया।