अलवर में 329 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों का हंगामा, निगम परिसर में धरना
अलवर नगर निगम में 2012 से लंबित 329 सफाई कर्मचारी पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज और कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। 14 दिन के आश्वासन के बाद भी जॉइनिंग लेटर जारी नहीं होने से आक्रोश बढ़ा।
राजस्थान के अलवर में मंगलवार को सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर एक बार फिर आक्रोश फूट पड़ा। 2012 से लंबित 329 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द जॉइनिंग लेटर जारी करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 2 फरवरी को समाज के प्रतिनिधि मंत्री के आवास पर पहुंचे थे और लंबित नियुक्तियों को लेकर ज्ञापन सौंपा था। उस दौरान मंत्री ने मौके पर ही आयुक्त को बुलाकर 14 दिन में नियुक्ति देने का आश्वासन दिया था। आश्वासन के बाद समाज के लोग शांतिपूर्वक लौट गए थे, लेकिन तय समयसीमा बीतने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।
धरना दे रहे विकास कुमार ने बताया कि 2012 की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद 329 अभ्यर्थियों को आज तक नियुक्ति नहीं दी गई है। करीब डेढ़ महीने पहले नियुक्ति आदेश जारी होने की बात कही गई थी, लेकिन निगम प्रशासन ने अब तक जॉइनिंग लेटर जारी नहीं किए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 14 दिन का समय अब 22 दिन में बदल चुका है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फिलहाल नगर निगम परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। पुलिस बल की तैनाती भी की गई, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। प्रदर्शनकारी अपने हक की मांग पर अड़े हैं और प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
यह मामला अब एक बार फिर चर्चा में है और देखना होगा कि प्रशासन कब तक 329 अभ्यर्थियों को उनका नियुक्ति पत्र सौंपता है।