जयपुर में चलती बस में जहरखुरानी की वारदात: बिस्किट खिलाकर यात्री से 3 लाख कैश और मोबाइल लूटा

दिल्ली से जयपुर आ रहे एक यात्री को चलती बस में बिस्किट में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया गया। आरोपी ने उसके पास से करीब 3 लाख रुपए नकद और मोबाइल लूट लिया।

Feb 22, 2026 - 14:37
जयपुर में चलती बस में जहरखुरानी की वारदात: बिस्किट खिलाकर यात्री से 3 लाख कैश और मोबाइल लूटा
जयपुर में चलती बस में जहरखुरानी की वारदात: बिस्किट खिलाकर यात्री से 3 लाख कैश और मोबाइल लूटा

जयपुर में चलती बस के अंदर जहरखुरानी कर लूट की वारदात सामने आई है। दिल्ली से जयपुर आ रहे एक यात्री को बिस्किट में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया गया। आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए करीब 3 लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार गलतागेट के बासबदनपुरा निवासी 47 वर्षीय अबरार मोहम्मद 20 फरवरी को दिल्ली से जयपुर आने के लिए एक प्राइवेट बस में सवार हुए थे। सफर के दौरान उनके पास वाली सीट पर बैठा एक व्यक्ति उनसे बातचीत करने लगा।

कुछ देर बाद आरोपी ने बिस्किट निकालकर खाने के लिए दिए। मना करने के बावजूद उसने दबाव बनाया और खुद खाते हुए पीड़ित को भी बिस्किट खिला दिया। बिस्किट में नशीला पदार्थ मिला होने के कारण कुछ ही देर में अबरार मोहम्मद को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गए।

3 लाख रुपए और मोबाइल लेकर फरार

पीड़ित के बेहोश होते ही आरोपी ने उनके पास रखे करीब 3 लाख रुपए नकद और मोबाइल निकाल लिया। इसके बाद वह बस से फरार हो गया।

बस जब जयपुर के परिवहन मार्ग स्थित रोडवेज ऑफिस पहुंची तो यात्री उन्हें सीट पर बेहोश हालत में पड़े देख घबरा गए। तत्काल उन्हें SMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

पुलिस जांच में जुटी

होश में आने पर पीड़ित ने परिजनों को जहरखुरानी और लूट की पूरी घटना बताई। इसके बाद विधायकपुरी थाने में पीड़ित के बेटे ने FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। बस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यात्रियों को सावधान करती है कि सफर के दौरान अनजान लोगों से खाने-पीने की कोई भी चीज स्वीकार करना खतरनाक साबित हो सकता है।

Web Desk Web Desk The Khatak