रात 2:30 बजे ऑफिस का ताला खोला, खुद की शर्ट से घोंटा गला...कर्मचारी की मौत!
कोटा के संभागीय आयुक्त कार्यालय परिसर में एक कर्मचारी ने देर रात अपनी ही शर्ट से गला घोंटकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय मृतक अपने साले की शादी से लौटा था। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
राजस्थान के कोटा शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां संभागीय आयुक्त कार्यालय परिसर में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अशफाक उर्फ आफाक के रूप में हुई है, जो अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी के ऑफिस में डेपुटेशन (प्रतिनियुक्ति) पर तैनात था।
रात 2:30 बजे बहाना बनाकर पहुंचा ऑफिस
जानकारी के मुताबिक, अशफाक सोमवार को बूंदी में अपने साले की शादी में शामिल होने गया था। रात करीब 10-11 बजे वह घर लौटा और कुछ ही देर बाद ऑफिस में जरूरी काम होने की बात कहकर वापस निकल गया। चौकीदार मुकुट के अनुसार, अशफाक रात करीब ढाई बजे ऑफिस पहुंचा था। चाबियां उसी के पास रहती थीं, इसलिए काम का बहाना बनाकर वह अंदर चला गया। मंगलवार सुबह 10 बजे जब सफाईकर्मी ने ऑफिस का दरवाजा खोला, तो अतिरिक्त संभागीय आयुक्त के ऑफिस के रेस्ट रूम में उसकी लाश मिली।
पैर में शर्ट का सिरा दबाकर घोंटा खुद का गला
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का तरीका बेहद चौंकाने वाला सामने आया है। रेस्ट रूम में कोई पंखा नहीं था। बताया जा रहा है कि अशफाक ने अपनी ही शर्ट को गले में लपेटा और उसका एक सिरा पैर के नीचे दबाकर दूसरे सिरे को हाथों से कस लिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई। उसका शव गेट के पास ही पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन का स्टाफ मौके पर पहुंच गया।
13 साल से था डेपुटेशन पर
मृतक अशफाक मूल रूप से बूंदी जिले के रेवेन्यू डिपार्टमेंट (राजस्व विभाग) का कर्मचारी था। वह पिछले 13 सालों से कोटा में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त कार्यालय में डेपुटेशन पर अपनी सेवाएं दे रहा था।
कलेक्टर ने जताई पारिवारिक कारणों की आशंका
इस घटना पर कोटा कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि कर्मचारी देर रात हड़बड़ाहट में ऑफिस पहुंचा था। शुरुआती जांच में ऑफिस के काम का कोई दबाव या तनाव सामने नहीं आया है। आशंका जताई जा रही है कि इस खौफनाक कदम के पीछे कोई पारिवारिक कारण हो सकता है। पुलिस परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर रही है।
दूसरी ओर, मृतक के बेटे अमान अंसारी ने बताया कि पिता ने फोन पर ऑफिस के काम से जाने की बात कही थी। बेटे ने घर में किसी भी तरह की परेशानी या काम के दबाव की बात से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।