भूल जाएंगे पुरानी चैटिंग! WhatsApp में आए 4 'कमाल' के ग्रुप फीचर्स, जानें आपके लिए क्या बदला?
मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने ग्रुप चैट्स के लिए चार नए फीचर्स रोल आउट किए हैं। इनमें चैट हिस्ट्री शेयरिंग, परमानेंट पिन मैसेज, मेंशन फिल्टर और ग्रुप स्टेटस शामिल हैं।
इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप ने ग्रुप चैट्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए चार नए फीचर्स रोल आउट किए हैं। मेटा के स्वामित्व वाले इस प्लेटफॉर्म के नए अपडेट्स से ग्रुप में चल रही बातचीत को ट्रैक करना और नए मेंबर्स का पुरानी चर्चाओं से जुड़ना काफी आसान हो जाएगा।
नए मेंबर्स को भेजें पुरानी चैट हिस्ट्री
अब ग्रुप एडमिन और मैनेजर नए जुड़ने वाले मेंबर्स को पुरानी मैसेज हिस्ट्री भेज सकते हैं। अगर आप किसी को ग्रुप में जोड़ते समय चैट हिस्ट्री शेयर करना भूल गए हैं, तो अब सीधे नए मेंबर के नाम पर टैप करके हाल ही के मैसेज शेयर किए जा सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, शेयर की गई यह हिस्ट्री पूरी तरह से एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेगी।
मैसेज को 'हमेशा' के लिए करें पिन
नए अपडेट के बाद यूजर्स किसी भी जरूरी मैसेज को ग्रुप चैट में हमेशा (forever) के लिए पिन कर सकेंगे। इससे पहले व्हाट्सएप में किसी भी मैसेज को सिर्फ 24 घंटे, 7 दिन या अधिकतम 30 दिन तक ही पिन करने का विकल्प मिलता था।
मेंशन फिल्टर से तुरंत ढूंढें अपने मैसेज
ग्रुप में आने वाले अनगिनत मैसेजेस के बीच अपने काम का मैसेज खोजना अब बहुत आसान हो गया है। नए 'मेंशन फिल्टर' को अप्लाई करते ही चैट विंडो में वो सभी मैसेज अपने आप हाईलाइट हो जाएंगे जिनमें आपको टैग या मेंशन किया गया है।
ग्रुप स्टेटस शेयरिंग
व्हाट्सएप अब यूजर्स को सिर्फ किसी खास ग्रुप के मेंबर्स के साथ अपना स्टेटस शेयर करने की सुविधा दे रहा है। यह फीचर रेगुलर स्टेटस की तरह ही काम करेगा और 24 घंटे बाद अपने आप हट जाएगा। ग्रुप के बाकी मेंबर्स इस स्टेटस पर रिएक्ट कर सकेंगे और अपना स्टेटस भी इसमें जोड़ सकेंगे।
गेस्ट कॉल्स फीचर भी हुआ लाइव
इन ग्रुप फीचर्स के अलावा, व्हाट्सएप ने हाल ही में 'गेस्ट कॉल्स' की सुविधा भी शुरू की है। इसके जरिए आप उन लोगों को भी व्हाट्सएप कॉल पर जोड़ सकते हैं जिनका प्लेटफॉर्म पर कोई अकाउंट नहीं है।