सैन्य सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए बाड़मेर के वीर सपूत देदाराम राईका, तवांग में थे तैनात
अरुणाचल प्रदेश के तवांग में ग्रीफ (GREF) बटालियन में तैनात बाड़मेर के सपूत देदाराम जी राईका का रेल यात्रा के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। उनके पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। पढ़ें पूरी खबर।
अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में ग्रीफ (GREF) बटालियन में तैनात बाड़मेर के वीर सपूत देदाराम जी राईका का रेल यात्रा के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद खबर के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देश की सेवा में अपना योगदान देने वाले इस गौरव की अंतिम यात्रा में हर किसी की आंखें नम हो गईं।
आज सुबह करीब 10:30 बजे उनका पार्थिव शरीर बाड़मेर जिला मुख्यालय स्थित ग्रीफ हेडक्वार्टर लाया गया। यहां सैन्य अधिकारियों, प्रशासनिक अमले और आमजन ने वीर सपूत को पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। हेडक्वार्टर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

श्रद्धांजलि सभा के पश्चात देदाराम जी राईका का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ले जाया गया। अंतिम यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से आसमान गूंज उठा। पैतृक गांव में सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सेना के जवानों ने हवाई फायर कर अपने साथी को अंतिम सलामी दी।
वीर सपूत को अंतिम विदाई देते समय माहौल बेहद गमगीन हो गया। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल था, लेकिन उनके लाल की देश सेवा पर सभी को गर्व भी था। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और इस मुश्किल घड़ी में शोकाकुल परिजनों को दुख सहने का संबल दें।