सिवाना के धीरा गांव में ट्रांसफार्मर शॉर्ट सर्किट से लगी आग, अनार की फसल जलकर नष्ट
बालोतरा जिले के सिवाना उपखंड क्षेत्र के धीरा गांव में खेतों में लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से किसानों की अनार की फसल जलकर नष्ट हो गई और लाखों रुपये का नुकसान हुआ। बालोतरा से करीब 60 किलोमीटर दूर से पहुंची फायर ब्रिगेड ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बालोतरा। बालोतरा जिले के सिवाना उपखंड क्षेत्र के धीरा गांव में खेतों में लगे बिजली ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से किसानों की मेहनत से तैयार अनार की फसल जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धीरा गांव के खेतों में लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग ने आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही समय में अनार के कई पेड़ और फसल जलने लगी। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। लेकिन सिवाना में फायर ब्रिगेड की सुविधा नहीं होने के कारण दमकल वाहन को बालोतरा से करीब 60 किलोमीटर दूरी तय कर मौके पर पहुंचना पड़ा। दमकल टीम और ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
किसानों की अनार की फसल को भारी नुकसान
इस आगजनी की घटना में खेतों में लगी अनार की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई पेड़ और फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए, जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
सिवाना में फायर ब्रिगेड की मांग तेज
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से सिवाना उपखंड मुख्यालय पर फायर ब्रिगेड की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सिवाना में ही फायर ब्रिगेड उपलब्ध होती तो आग पर जल्दी काबू पाया जा सकता था और किसानों को इतना नुकसान नहीं उठाना पड़ता।इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है और प्रशासन से जल्द राहत व उचित मुआवजे की मांग की जा रही है।