बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत, मुखिया गंभीर घायल
सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी-जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के तीन लोगों—सास, बहू और एक मासूम बच्चे—की मौके पर मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
सवाई माधोपुर जिले में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गंगापुर सिटी-जयपुर हाईवे पर खूंटला और बाढ़ कलां के बीच करीब 1:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
गंगापुर सिटी की काजी कॉलोनी निवासी साजिद (25) अपने परिवार के साथ डाबर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। बाइक पर उसके साथ उसकी पत्नी नरगिस (22), एक वर्षीय बेटा अलमीर और मां बानो (60) सवार थीं।
हादसे के दौरान तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सभी घायलों को गंगापुर सिटी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद नरगिस, बानो और मासूम अलमीर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बाइक चला रहा साजिद गंभीर रूप से घायल है और उसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि साजिद मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है और पूरे परिवार के साथ खुशी के मौके पर जा रहा था, जो इस दर्दनाक हादसे में मातम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश के लिए नाकाबंदी करवा दी है।