8 मार्च को महिलाओं के लिए रोडवेज बसें फ्री, राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं को बड़ा तोहफा दिया है। 8 मार्च को पूरे प्रदेश में राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में महिलाओं के लिए एक दिन की मुफ्त यात्रा सुविधा लागू रहेगी, जिससे महिलाएं बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार के निर्देश पर 8 मार्च को पूरे प्रदेश में राजस्थान रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए एक दिन की मुफ्त यात्रा सुविधा लागू की जाएगी।रोडवेज प्रशासन के अनुसार यह सुविधा 8 मार्च की रात 12 बजे से लेकर रात 11:59 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान प्रदेश की सभी महिलाएं और बालिकाएं राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
इन बसों में मिलेगी फ्री यात्रा
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि यह सुविधा केवल साधारण (Ordinary) और एक्सप्रेस बसों में लागू रहेगी। AC और वोल्वो बसों में यह छूट लागू नहीं होगी।
राज्य की सीमा तक ही लागू रहेगी सुविधा; यदि कोई महिला राजस्थान रोडवेज बस से दूसरे राज्य की यात्रा करती है, तो उसे राजस्थान की सीमा तक यात्रा मुफ्त मिलेगी। राज्य की सीमा पार करने के बाद आगे की यात्रा के लिए टिकट लेना होगा।
महिलाओं को सशक्त बनाने की पहल; रोडवेज अधिकारियों के अनुसार इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना और उनकी यात्रा को आसान बनाना है। महिला दिवस के अवसर पर हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठाती हैं।सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से महिलाओं को सुरक्षित और सस्ती यात्रा का विकल्प मिलेगा और समाज में उनके योगदान को सम्मान मिलेगा।