जयपुर में सरेआम गुंडागर्दी: कार सवार बदमाशों ने युवक को दौड़ा-दौड़ा कर मारी गोली, सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
जयपुर के शिप्रापथ इलाके में रुपयों के लेन-देन के विवाद में हिस्ट्रीशीटरों ने एक युवक पर सरेआम फायरिंग कर दी। घटना तब हुई जब कैफे पर बैठे ऋतिक निठारवाल पर कार सवार बदमाशों ने पिस्तौल तान दी। जान बचाकर भागते युवक के पीछे बदमाशों ने सड़क पर दौड़ते हुए गोलियां चलाईं।
जयपुर: राजधानी के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में सरेआम फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सेंट विल्फ्रेड कॉलेज के पास स्थित कैफे आरजे-21 पर बैठे ऋतिक निठारवाल नामक युवक पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें बदमाश युवक के पीछे दौड़ते हुए गोली चलाते नजर आ रहे हैं।
पूरी वारदात और रंजिश:
-
हमला और फायरिंग: शाम करीब 7:50 बजे स्विफ्ट कार में आए चार बदमाशों ने अचानक ऋतिक पर पिस्तौल तान दी। युवक जान बचाकर सड़क पर भागा, तो बदमाशों ने पीछा करते हुए फायर किया। गोली ऋतिक के पास से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
-
रुपयों का विवाद: SHO महेन्द्र सिंह के अनुसार, ऋतिक रेंटल गाड़ियों का बिजनेस करता है। उसका हिस्ट्रीशीटर अशोक के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते बदमाश उसे धमकाने और वसूली के इरादे से आए थे।
हिस्ट्रीशीटरों की पहचान: पुलिस जांच में हमलावरों की पहचान अशोक (चंदवाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर), रवि पंडित (मानसरोवर थाने का हिस्ट्रीशीटर), शशांक और उनके एक अन्य साथी के रूप में हुई है। हंगामे के बाद बदमाश कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। शिप्रापथ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।