सरपंच चुनाव के बाद पोलिंग बूथ पर शराब पार्टी,वीडियो वायरल
बाड़मेर के शिव पंचायत समिति के झाफली गांव में सरपंच चुनाव के बाद पोलिंग बूथ पर चुनाव कर्मियों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल हो रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाड़मेर जिले में पंचायती राज चुनाव के दौरान एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सरपंच पद के चुनाव की वोटिंग खत्म होने के बाद मतदान केंद्र (पोलिंग बूथ) पर ही पोलिंग पार्टी द्वारा कथित तौर पर शराब पार्टी करने का वीडियो सामने आया है। वायरल क्लिप में बूथ के अंदर चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के पास शराब और बीयर की बोतलें साफ नजर आ रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और जोनल ऑफिसर को मौके पर भेजकर मामले की जांच शुरू करवा दी गई है।
वायरल वीडियो में क्या है?
प्रारंभिक तौर पर यह वीडियो शुक्रवार रात का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना शिव पंचायत समिति की झाफली ग्राम पंचायत स्थित सरकारी स्कूल में बने बूथ संख्या 30 की है। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक जगह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पूरे मामले में दो वीडियो सामने आए हैं:
-
पहला वीडियो (10 सेकंड): इस क्लिप में एक चुनाव कर्मी मोबाइल देखता हुआ नजर आ रहा है और उसके ठीक पास शराब की बोतलें रखी हुई हैं। इसी बीच एक युवक आता है और खाली बोतल उठाकर ले जाता है, जबकि पास में ही कुछ अन्य लोग खाना खाते दिख रहे हैं।
-
दूसरा वीडियो (8 सेकंड): इसमें एक कर्मचारी बैठा हुआ है, जिसके पास बीयर की दो बोतलें रखी हैं। वहां मौजूद लोग चुनाव परिणामों और बूथ पर पड़े वोटों को लेकर आपस में चर्चा कर रहे हैं। (इन दोनों ही वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।)
रिटर्निंग ऑफिसर ने हारने वाली पार्टी पर मढ़ा दोष
इस पूरे विवाद के बीच झाफली के रिटर्निंग ऑफिसर (RO) हरपाल सिंह ने सफाई दी है। उनका कहना है कि वोटों की गिनती पूरी होने के बाद वे लोग बूथ के बाहर खड़े थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने वहां शराब की बोतलें रख दीं। उन्होंने आशंका जताई है कि यह हरकत चुनाव हारने वाली पार्टी की हो सकती है, जिन्हें फंसाने के लिए यह साजिश रची गई।
5 दिन से बूथों पर ही ठहरी थीं पोलिंग पार्टियां,एसडीएम ने दिए सख्त जांच के आदेश
जानकारी के अनुसार, बाड़मेर जिले की 7 पंचायत समितियों में दूसरे चरण के चुनाव संपन्न करवाने के लिए 27 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां पीजी कॉलेज से रवाना की गई थीं। चुनावी प्रक्रिया के तहत ये टीमें पिछले करीब 5 दिनों से मतदान केंद्रों पर ही रुकी हुई थीं। शुक्रवार को सरपंच पद का मतदान पूरा होने के बाद रात भर टीमें बूथ पर ही थीं, क्योंकि शनिवार को उपसरपंच का चुनाव करवाकर उन्हें वहां से रवाना होना था। माना जा रहा है कि इसी दौरान बूथ पर मौजूद किसी व्यक्ति ने ही यह वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
शिव के एसडीएम वीरमाराम ने इस घटना पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की असलियत जानने के लिए जोनल ऑफिसर (ZO) को झाफली ग्राम पंचायत के संबंधित बूथ पर भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह वीडियो झाफली गांव का ही प्रतीत हो रहा है। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि वीडियो इसी बूथ का है या किसी अन्य जगह का। इसके साथ ही वीडियो में नजर आ रहे कर्मचारियों की पहचान भी की जा रही है, जिसके आधार पर नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी