बांसवाड़ा: लेडी कॉन्स्टेबल की बहादुरी, नहर में कूदकर सुसाइड करने जा रही महिला की बचाई जान
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में लेडी कॉन्स्टेबल गंगा डामोर ने बहादुरी दिखाते हुए नहर में आत्महत्या करने जा रही एक महिला की जान बचाई। महिला ने उन्हें भी पानी में खींचने की कोशिश की, लेकिन कॉन्स्टेबल ने हार नहीं मानी और महिला को सुरक्षित किनारे तक लाईं। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में एक महिला कॉन्स्टेबल की साहसिक कार्रवाई ने एक महिला की जान बचा ली। बुधवार सुबह बारी सियातलाई गांव की नहर में आत्महत्या करने के इरादे से कूद चुकी महिला को लेडी कॉन्स्टेबल गंगा डामोर ने पानी में छलांग लगाकर बाहर निकाला। इस दौरान महिला ने कॉन्स्टेबल को कसकर पकड़ लिया और उन्हें भी पानी में खींचने की कोशिश की, लेकिन कॉन्स्टेबल ने हार नहीं मानी और महिला को किनारे तक ले आईं। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें कॉन्स्टेबल की बहादुरी साफ झलक रही है।
घटना का विवरण घटना बुधवार सुबह करीब 11 बजे की है। बारी सियातलाई गांव की नहर में एक महिला आत्महत्या करने के लिए कूद गई। सूचना मिलते ही पुलिस थाने से टीम मौके पर पहुंची। टीम में कालिका टीम की महिला कॉन्स्टेबल गंगा डामोर और कॉन्स्टेबल दीपक लबाना शामिल थे।मौके पर पहुंचकर कॉन्स्टेबल गंगा डामोर ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला बाहर आने को तैयार नहीं हुई। आखिरकार, जान बचाने के लिए कॉन्स्टेबल गंगा ने खुद नहर में छलांग लगा दी। पानी में उतरते ही महिला ने उन्हें कसकर पकड़ लिया और खींचने लगी। इससे दोनों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन गंगा डामोर ने संयम नहीं खोया। उन्होंने जैसे-तैसे महिला को काबू में किया और किनारे की ओर खींचकर ले आईं। किनारे पर मौजूद कॉन्स्टेबल दीपक लबाना ने दोनों का हाथ पकड़कर बाहर निकाला।
पुलिस अधिकारियों के बयान SHO बुधाराम बिश्नोई ने बताया, "सुबह सूचना मिली कि बारी सियातलाई गांव की नहर में एक महिला कूद गई है। हमने तुरंत थाने से जाब्ता भेजा, जिसमें कॉन्स्टेबल गंगा डामोर और दीपक लबाना शामिल थे।"कॉन्स्टेबल गंगा डामोर ने कहा, "मौके पर पहुंचकर हमने महिला को बचाने की कोशिश की। वह मान नहीं रही थी, इसलिए छलांग लगानी पड़ी। इसके बाद हमने उसे बचाकर बाहर लाया।"कॉन्स्टेबल दीपक लबाना ने विस्तार से बताया, "मैडम ने महिला को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। तब मैडम ने नहर में छलांग लगा दी। पानी में महिला ने मैडम को खींचना शुरू कर दिया। मैडम ने हिम्मत से काम लिया और महिला को किनारे तक खींच लाईं। फिर मैंने दोनों को बाहर निकाला।"