ट्रक की टक्कर से डिस्कॉम कर्मचारी की मौत, साथी गंभीर घायल; मीटर लगाने जा रहे थे

डीडवाना-कुचामन जिले के मौलासर क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से डिस्कॉम के एक संविदा कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मीटर लगाने के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

Mar 30, 2026 - 15:47
ट्रक की टक्कर से डिस्कॉम कर्मचारी की मौत, साथी गंभीर घायल; मीटर लगाने जा रहे थे

डीडवाना-कुचामन जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डिस्कॉम के एक संविदा कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मौलासर थाना क्षेत्र के निमोद गांव के पास रणवा पेट्रोल पंप के निकट दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार कुचामन निवासी 30 वर्षीय अंकित डिस्कॉम में संविदा पर कार्यरत था और बिजली के मीटर लगाने का काम करता था। सोमवार को वह अपने साथी मनीष के साथ स्कूटी पर मौलासर गांव में मीटर लगाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद अंकित ट्रक के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका साथी मनीष दूसरी ओर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायल को पहले मौलासर ले जाया गया, जहां से उसे कुचामन के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने ट्रक को रुकवाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मौलासर की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.