10 दिन से लापता साले-बहनोई के शव कुएं में मिले, गांव में फैली सनसनी; हत्या की आशंका
अजमेर के भिनाय थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव में 10 दिन से लापता जीजा-साले के शव एक कुएं से बरामद हुए। बदबू आने पर ग्रामीणों को शक हुआ और तलाश के दौरान शव मिले। दोनों के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।
अजमेर जिले के भिनाय थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां एक कुएं से दो युवकों के शव बरामद किए गए, जो पिछले 10 दिनों से लापता थे। शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोगों में डर का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के आसपास अचानक तेज बदबू आने लगी, जिससे ग्रामीणों को शक हुआ। इसके बाद लोगों ने आसपास तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान एक कुएं में दो शव दिखाई दिए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को खबर दी गई।
ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान सुरेन्द्र (26) निवासी सूपा केकड़ी और विष्णु (16) निवासी जैतपुरा के रूप में हुई। दोनों आपस में जीजा-साला थे। बताया जा रहा है कि वे 20 मार्च की शाम करीब 6 बजे घर से बाइक लेकर निकले थे और वापस नहीं लौटे।परिजनों ने 21 मार्च को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। दोनों घर से अष्टमी की पूजा का सामान लेने की बात कहकर निकले थे। पुलिस को उनकी बाइक भी उसी कुएं में मिली है।
प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो पाएगा।घटना की सूचना पर भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। अजमेर से एफएसएल टीम भी बुलाई गई है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।