बॉर्डर पर लगातार दूसरे दिन हेरोइन बरामद, ड्रोन के जरिए तस्करी का शक; 1.5 किलो हेरोइन मिली
बॉर्डर क्षेत्र में दूसरे दिन भी 1.5 किलो हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 7 करोड़ रुपए बताई जा रही है। बीएसएफ और पुलिस द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हेरोइन पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए गिराए जाने का अंदेशा है। इससे पहले भी 12 किलो हेरोइन के साथ चार तस्कर पकड़े जा चुके हैं।
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मंगलवार को दूसरे दिन भी सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली, जब श्रीकरणपुर बॉर्डर क्षेत्र में करीब 1.50 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद हेरोइन तीन अलग-अलग पैकेट्स में पैक थी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। हेरोइन मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) और स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
यह हेरोइन पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई हो सकती है। पिछले कुछ समय से ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशीले पदार्थ भेजने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। इससे एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी और चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही बरामदगी से यह साफ हो रहा है कि सीमा पार से तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है।
फिलहाल बीएसएफ और पुलिस संयुक्त रूप से पूरे बॉर्डर एरिया में गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं, ताकि तस्करी के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन मूवमेंट पर भी विशेष नजर बनाए हुए हैं।