राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना ही अभी कांग्रेस की एकमात्र सामूहिक महत्वाकांक्षा : पवन खेड़ा
उदयपुर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ के पदभार समारोह में पवन खेड़ा ने कहा कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं बाद में, अभी पार्टी की एकमात्र सामूहिक महत्वाकांक्षा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। अब जिला अध्यक्ष दिल्ली से नहीं थोपे जाएंगे। मेवाड़ में 30 साल से सत्ता से बाहर होने पर शर्म जताते हुए खेड़ा ने कमजोरियां दूर करने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को बिना सिफारिश टिकट देने का भरोसा दिलाया।
उदयपुर। 12 दिसंबर 2025 कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ के पदभार ग्रहण समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के सामने खुलकर कहा कि इस समय किसी भी कांग्रेसी कार्यकर्ता की निजी महत्वाकांक्षा से ऊपर सिर्फ एक लक्ष्य होना चाहिए – राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना।मंच से पवन खेड़ा ने सीधे शब्दों में कहा, “हम लड़ तो बाद में भी लड़ लेंगे, लेकिन अभी हमारी सामूहिक महत्वाकांक्षा एक ही है – राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें। यह किसी एक व्यक्ति की महत्वाकांक्षा नहीं है, यह पूरे कांग्रेस परिवार की साझा और सामूहिक महत्वाकांक्षा है।”
जिलाध्यक्ष अब दिल्ली से थोपा नहीं जाएगा खेड़ा ने संगठन में चल रहे बड़े सुधार की बात करते हुए घोषणा की कि अब जिला अध्यक्षों की नियुक्ति दिल्ली से थोपने का दौर खत्म हो रहा है। “अब जिस कार्यकर्ता पर जिले के कार्यकर्ताओं का भरोसा होगा, जिसका हाथ कार्यकर्ता उठाएंगे, वही अध्यक्ष बनेगा। दिल्ली से अध्यक्ष नहीं थोपा जाएगा।”उन्होंने असंतुष्ट कार्यकर्ताओं को भी संदेश दिया, “जिन साथियों को अध्यक्ष नहीं बन पाए, उनमें कोई कमी नहीं है। बहुत से साथी अध्यक्ष बनना चाहते थे, बन नहीं पाए। निजी महत्वाकांक्षा अलग चीज है और सामूहिक महत्वाकांक्षा अलग। अभी हम सबको एकजुट होकर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य पर फोकस करना है।”
मेवाड़ में 30 साल से सत्ता से बाहर, शर्म आती है पवन खेड़ा ने मेवाड़ की ऐतिहासिक कांग्रेस विरासत को याद दिलाते हुए कड़े शब्दों में कहा, “मेवाड़ ने देश को महाराणा प्रताप से लेकर बड़े-बड़े कांग्रेसी नेता दिए हैं। मेवाड़ को कांग्रेस का अभेद्य गढ़ माना जाता था। लेकिन पिछले 30 साल से उदयपुर नगर निगम में हमारा बोर्ड नहीं बना। जब कोई पूछता है कि मेवाड़ में कांग्रेस कितने साल से सत्ता से बाहर है, तो शर्म से सिर झुक जाता है।”उन्होंने जिम्मेदारी लेते हुए कहा, “हमारा कार्यकर्ता कमजोर नहीं है। कमजोरी हमेशा मंच पर बैठे लोगों में होती है। कमजोरी हम सबमें है, इसीलिए मेवाड़ में कांग्रेस हारी है। अब हम अपनी कमजोरियां दूर करेंगे, गलतियां सुधारेंगे।”इस मौके पर पवन खेड़ा ने उदयपुर में नए कांग्रेस भवन के निर्माण के लिए व्यक्तिगत रूप से 5 लाख रुपए की घोषणा भी की।
निष्ठावान कार्यकर्ताओं को बिना सिफारिश टिकट देगी कांग्रेस : फतेहसिंह राठौड़ नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ ने कहा, “आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए अभी से जुट जाएं। एसआईआर में वोट चोरी पर पैनी नजर रखें। बूथ स्तर तक मेहनत करें। निष्ठावान, मेहनती, ईमानदार और जनप्रिय कार्यकर्ताओं को नई टीम में जगह मिलेगी। नगर निगम चुनाव में बिना किसी सिफारिश के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को टिकट दिया जाएगा। किसी भी कार्यकर्ता का जायज हक मारने नहीं दिया जाएगा।”