जयपुर में सड़क हादसे में पूर्व मॉडल की मौत: देर रात सहेली के घर से लौटते समय कार डिवाइडर पर चढ़कर पलटी

जयपुर में देर रात एक सड़क हादसे में पूर्व मॉडल हर्षिल कालिया की मौत हो गई। सहेली के घर से लौटते समय उनकी कार शिप्रापथ रोड पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Mar 24, 2026 - 18:02
जयपुर में सड़क हादसे में पूर्व मॉडल की मौत: देर रात सहेली के घर से लौटते समय कार डिवाइडर पर चढ़कर पलटी

जयपुर में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉडल रह चुकी युवती की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवती अपनी सहेली के घर से वापस लौट रही थी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने हादसे की गंभीरता को उजागर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मानसरोवर स्थित एसएफएस कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय हर्षिल कालिया के रूप में हुई है। वह पहले मॉडलिंग कर चुकी थीं और वर्तमान में स्टेज एंकरिंग का काम कर रही थीं। सोमवार रात करीब 11:30 बजे वह अपनी कार से घर लौट रही थीं।शिप्रापथ रोड पर नगर निगम कार्यालय के पास एक मोड़ पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसा इतना तेज था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही शिप्रापथ थाना और एक्सीडेंट साउथ पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार को सीधा किया गया और गंभीर रूप से घायल हर्षिल को तुरंत जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस के मुताबिक हादसे में युवती को सिर में गंभीर चोट लगी थी, जो उनकी मौत का कारण बनी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.