पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा का पलटवार: कांग्रेस के 'छुटभैया' नेता पीएम मोदी पर कुछ भी बोलते हैं, सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं
बाड़मेर में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान ने पीएम नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान दिया कि "कहीं अमेरिका भारत के प्रधानमंत्री को उठा न ले जाए" या बंधक बना ले। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा ने प्रेस वार्ता में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें 'छुटभैया नेता' और 'पाकिस्तानी प्रेमी' कहा। खारा ने दावा किया कि ऐसे लोग सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं और उनके कारनामे जल्द उजागर होंगे। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री पर भी कटाक्ष किया और पीएम मोदी की उपलब्धियों जैसे यूएई में हिंदू मंदिर का जिक्र किया। यह बयान राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गया है।
बाड़मेर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा ने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष फतेह खान के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। खारा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में फतेह खान को 'छुटभैया नेता' करार देते हुए कहा कि ऐसे लोग सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं और उनके कारनामे जल्द ही उजागर होने वाले हैं।
फतेह खान ने हाल ही में एक कांग्रेस विरोध प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी पर विवादास्पद टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि "उन्हें भी अमेरिका के राष्ट्रपति बंधक बना लेंगे" या "कहीं अमेरिका भारत के प्रधानमंत्री को उठा न ले जाए"। इस बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में हंगामा मचा हुआ है और इसे अत्यंत आपत्तिजनक माना जा रहा है।स्वरूप सिंह खारा ने प्रेस वार्ता में कहा, "धोरों में सिमटे हुए कांग्रेस के नेता भारत के उस प्रधानमंत्री पर टिप्पणी कर रहे हैं, जो 150 करोड़ भारतीयों के प्रधानमंत्री हैं। इस तरह के पाकिस्तानी प्रेमी लोग लगातात पाकिस्तान जाकर पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। निंदनीय टिप्पणी करते हैं। यह भर्त्सना योग्य है और कार्रवाई योग्य है।"
उन्होंने आगे कहा, "ऐसे लोग सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर हैं। उनके कारनामे कुछ दिनों बाद उजागर होने वाले हैं। वे कुछ भी बोल जाते हैं। तथाकथित नेता पीएम नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हैं। जो कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहते हुए पार्टी के गद्दार निकले। जिन्होंने शिव विधानसभा से चुनाव लड़ा।"खारा ने कांग्रेस के एक पूर्व मंत्री (बिना नाम लिए, संभवतः हरीश चौधरी का इशारा) पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, "जो नेता कहते हैं कि बाड़मेर भाजपा के नेता सरकार और संगठन से नाखुश हैं, उन नेताओं को कहना चाहता हूं कि तुम्हें तुम्हारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के हाल क्या किए हैं। आप अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मान-सम्मान का ध्यान रखिए।"
प्रेस वार्ता में खारा ने पीएम मोदी की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत के स्किल्ड युवा विदेश में जाकर अपनी छाप छोड़ रहे हैं। पीएम मोदी ने भारत की भव्यता, योग्यता और कुशलता का विश्व में लोहा मनवाया है। यूएई में हिंदू मंदिर बनाना अपने आप में भारत की बड़ी उपलब्धि है।