भादुओं की ढाणी में मौत को दावत दे रहा जर्जर बिजली का पोल, प्रशासन बेखबर
बाड़मेर के बायतु क्षेत्र स्थित निम्बाणियों की ढाणी के पास भादुओं की ढाणी में क्षतिग्रस्त बिजली का पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। कई शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग मौन है।
बाड़मेर जिले के बायतु क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। यहां निम्बाणियों की ढाणी के पास स्थित भादुओं की ढाणी में एक बिजली का पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में है, जो अब हादसों को खुली दावत दे रहा है। हालात ऐसे हैं कि यह जर्जर पोल किसी भी वक्त गिर सकता है, जिससे बड़े जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।
शिकायतों के बाद भी कुंभकर्णी नींद में विभाग
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस टूटे हुए पोल को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायत की है। लगातार सूचना देने के बावजूद अब तक न तो कोई लाइनमैन मौके पर पहुंचा है और न ही इस पोल को बदलने की कोई कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
ग्रामीणों और मवेशियों पर हर पल मंडरा रहा खतरा
ढाणी में आबादी क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर बच्चों और मवेशियों की आवाजाही रहती है। क्षतिग्रस्त पोल के झुकने से तार भी नीचे आ गए हैं। इसके गिरने से आसपास के घरों और मवेशियों को भारी नुकसान पहुंच सकता है। ग्रामीणों में डर का माहौल है और तेज हवा या आंधी के समय यह दहशत और भी बढ़ जाती है।
प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग
क्षेत्र के लोगों ने अब स्थानीय प्रशासन और डिस्कॉम के उच्च अधिकारियों से सख्त मांग की है कि जल्द से जल्द इस क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर नया पोल लगाया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इसे दुरुस्त नहीं किया गया और कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।