चित्तौड़गढ़ में मधुमक्खियों का कहर: अंतिम संस्कार के दौरान फिर हमला, 2 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

चित्तौड़गढ़ के बेगूं क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से एक बुजुर्ग की मौत के बाद अंतिम संस्कार के दौरान फिर हमला हो गया। इस हमले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई और करीब 50 लोग घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर प्रशासन ने PPE किट पहनाकर अंतिम संस्कार करवाया।

Mar 18, 2026 - 18:53
चित्तौड़गढ़ में मधुमक्खियों का कहर: अंतिम संस्कार के दौरान फिर हमला, 2 की मौत, 50 से ज्यादा घायल

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में मधुमक्खियों के हमले ने दहशत फैला दी। एक बुजुर्ग की मौत के बाद उनके अंतिम संस्कार के दौरान श्मशान घाट पर फिर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक और व्यक्ति की जान चली गई, जबकि करीब 50 लोग घायल हो गए। 

घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे बेगूं क्षेत्र के पारसोली गांव की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार को 80 वर्षीय जमनेश पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजन और ग्रामीण उनका अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार की तैयारियां चल ही रही थीं कि अचानक मधुमक्खियों का झुंड वहां पहुंचा और लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए शव को वहीं छोड़कर इधर-उधर भागने लगे।

इस हमले में करीब 50 लोगों को मधुमक्खियों ने डंक मार दिए। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में कई लोगों को रेफर किया गया। पारसोली निवासी छीतर मल, रामेश्वर लाल, बस्सी निवासी कृष्ण भैरव, कुंभा नगर निवासी सुनील और राणा सांगा बाजार निवासी भवानी शंकर को चित्तौड़गढ़ भेजा गया। इनमें से भवानी शंकर (75) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई। वहीं चार लोगों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया और तहसीलदार गोपाल जीनगर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लगातार हो रहे हमले को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सावधानी बरती। अंततः कुछ लोगों को पीपीई किट पहनाकर श्मशान घाट भेजा गया और सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करवाई गई।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.