नए साल की पूर्व संध्या पर राजस्थान में बड़ा सुरक्षा अलर्ट: टोंक से 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद, दो गिरफ्तार
राजस्थान के टोंक जिले में नए साल की पूर्व संध्या पर पुलिस की डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से यूरिया खाद की बोरियों में छिपाकर ले जाए जा रहे 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट सहित विस्फोटक सामग्री जब्त की। 200 एक्सप्लोसिव कार्ट्रिज और करीब 1100 मीटर फ्यूज वायर भी बरामद हुए। बूंदी निवासी दो आरोपियों सुरेंद्र पाटवा और सुरेंद्र मोची को गिरफ्तार किया गया। सामग्री टोंक में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी, जांच जारी है।
राजस्थान के टोंक जिले में नए साल के जश्न से ठीक पहले पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। जिला विशेष टीम (DST) ने बुधवार को नेशनल हाईवे-52 पर एक कार से 150 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया, जो यूरिया खाद की बोरियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस विस्फोटक पदार्थ के अलावा 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्ट्रिज, सेफ्टी फ्यूज वायर के 6 बंडल (कुल लगभग 1100 मीटर) और 11 मीटर वायर भी बरामद किए गए। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना बरौनी थाना क्षेत्र के चिरौंज गांव के पास हुई। आरोपियों की पहचान बूंदी जिले के करवर निवासी सुरेंद्र पाटवा (उम्र 48 वर्ष) और सुरेंद्र मोची (उम्र 33-35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बूंदी से टोंक की ओर मारुति सियाज कार में विस्फोटक सामग्री ले जा रहे थे। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि यह सामग्री टोंक में ही सप्लाई की जानी थी।
कैसे हुई गिरफ्तारी? DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में टीम ने हाईवे पर नाकाबंदी की हुई थी।सुबह करीब 9 बजे बूंदी की ओर से आ रही एक सियाज कार में यूरिया खाद के कट्टे भरे दिखे, जो संदिग्ध लगे।टीम ने कार का पीछा किया तो आरोपी हाईवे छोड़कर चिरौंज गांव की ओर भागने लगे।गांव के बाहर टीम ने कार को घेरकर रोका। रोकते ही आरोपी घबरा गए और पूछताछ में असहज हो गए।कार की तलाशी लेने पर यूरिया के चार अलग-अलग कट्टों में अमोनियम नाइट्रेट छिपा मिला।
विस्फोटक की गंभीरता DSP मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट किसी बड़ी विस्फोटक घटना को अंजाम देने के लिए काफी है। यह पदार्थ खाद के रूप में इस्तेमाल होता है, लेकिन विस्फोटकों में भी इसका दुरुपयोग होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है:यह सामग्री कहां से और किससे खरीदी गई?किसे सप्लाई की जानी थी?क्या इसका इस्तेमाल अवैध खनन में होना था या कोई अन्य गतिविधि?पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और संभावित नेटवर्क की तलाश की जा रही है।यह बरामदगी नए साल की सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई है, जब पूरे देश में अलर्ट जारी है। अमोनियम नाइट्रेट का दुरुपयोग हाल के कुछ घटनाओं से जुड़ा रहा है, इसलिए जांच एजेंसियां सतर्क हैं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से किसी बड़ी अनहोनी को टाला गया। मामले की आगे की जांच जारी है।