अलवर में मिलिट्री अस्पताल के सामने गिरा 50 वर्षीय व्यक्ति, एक घंटे बाद मौत; अब तक नहीं हो सकी पहचान
अलवर में मिलिट्री अस्पताल के सामने पैदल जा रहा एक व्यक्ति अचानक गिर पड़ा। लोगों ने पानी पिलाकर संभाला, लेकिन करीब एक घंटे बाद वह फिर बेहोश हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
राजस्थान के अलवर शहर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मिलिट्री अस्पताल के सामने पैदल जा रहा एक करीब 50 वर्षीय व्यक्ति अचानक सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और पानी पिलाया। कुछ देर के लिए व्यक्ति को होश भी आ गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई और वह दोबारा बेहोश हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। मिलिट्री अस्पताल के पास कुछावाह जनरल स्टोर और तिरुपति ट्रेडर्स के सामने से गुजर रहा व्यक्ति अचानक सड़क पर बनी सफेद पट्टी के पास गिर गया। वहां मौजूद दुकानदारों ने तुरंत उसे उठाकर सड़क किनारे बैठाया, ताकि किसी तरह का हादसा न हो।
मौके पर मौजूद दुकानदार राकेश ने बताया कि व्यक्ति को पहले पानी पिलाया गया, जिसके बाद वह कुछ देर तक आराम करता रहा। उस समय लगा कि उसकी तबीयत ठीक हो रही है। लेकिन थोड़ी देर बाद अचानक वह फिर जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलाकर व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अखैरपुरा थाना पुलिस के एएसआई शशिकांत के मुताबिक, मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। उसने पेंट और शर्ट पहन रखी थी और उसकी उम्र करीब 50 साल के आसपास बताई जा रही है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस मृतक की पहचान करने और मामले की पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।