जयपुर के रेजिडेंशियल इलाके में टहलता दिखा तेंदुआ; कुत्ते ने भौंककर भगाया, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
जयपुर के आगरा रोड स्थित सूर्य सिटी में शनिवार तड़के करीब 3 बजे एक तेंदुआ (Leopard) रिहायशी इलाके में घुस आया। सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ सड़क पर घूमता दिखा, लेकिन एक कुत्ते के बहादुरी से भौंकने पर वह डरकर भाग गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक बार फिर पैंथर (तेंदुआ) की दस्तक से दहशत का माहौल है। ताज़ा मामला आगरा रोड स्थित सूर्य सिटी कॉलोनी का है, जहाँ शनिवार तड़के एक तेंदुआ आबादी वाले इलाके में खुलेआम घूमता नजर आया। पूरी घटना वहाँ लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
कुत्ते ने दिखाया साहस, उल्टे पैर भागा तेंदुआ
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि शनिवार तड़के करीब 3 बजे तेंदुआ कॉलोनी की एक सुनसान सड़क पर शिकार की तलाश में घूम रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद एक पालतू कुत्ते की नजर तेंदुए पर पड़ी। जैसे ही तेंदुआ कुत्ते के करीब पहुँचा, कुत्ते ने निडर होकर जोर-जोर से भौंकना शुरू कर दिया। कुत्ते की दिलेरी देख तेंदुआ घबरा गया और फौरन वहाँ से भाग निकला।
वन विभाग का सर्च ऑपरेशन और अलर्ट
सुबह जब कॉलोनी के लोगों ने सीसीटीवी फुटेज देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची। टीम ने आस-पास के झाड़ियों और खाली प्लॉटों में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन तेंदुए का सुराग नहीं लगा।
वन अधिकारियों का कहना है कि तेंदुआ संभवतः पास के जंगली क्षेत्र की ओर लौट गया है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर आज रात इलाके में पिंजरा लगाया जाएगा। विभाग ने स्थानीय निवासियों के लिए अलर्ट जारी किया है और रात के समय घरों से बाहर न निकलने या सतर्क रहने की अपील की है।
जयपुर के अलग-अलग रेजिडेंशियल इलाकों में निकलता रहा है लेपर्ड
बीते कुछ महीनों में लेपर्ड चांदपोल, शास्त्री नगर, सिविल लाइंस (मंत्री आवास), जलमहल में गुर्जर घाटी, गोपालपुरा, दुर्गापुरा, जयसिंहपुरा, जगतपुरा, विद्याधर नगर जैसे इलाकों में भी देखा जा चुका है।
सुरक्षा के लिए खास निर्देश:
-
रात के समय घर के बाहर अकेले न निकलें।
-
बच्चों और पालतू जानवरों को घर के अंदर रखें।
-
कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट्स चालू रखें और अंधेरे रास्तों पर जाने से बचें।
-
लेपर्ड दिखने पर उसे घेरने या छेड़ने की कोशिश न करें, तुरंत वन विभाग को सूचित करें।