जोधपुर से एक बड़ी घटना सामने आई है। शहर के बासनी हड्डी मिल क्षेत्र (श्रमिक बस्ती के करीब) में स्थित एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आज सुबह अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी भयानक थी कि फैक्ट्री का लोहे का टीन शेड भी ढह गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
दमकल की कई गाड़ियों ने पाया काबू
चीफ फायर ऑफिसर जयसिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गया। आग की गंभीरता को देखते हुए बासनी के अलावा शास्त्रीनगर, चौपासनी, बोरानाडा और मंडोर फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब 2 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद इस भीषण आग को बुझाने में सफलता हासिल की।
रिहायशी इलाके में फैक्ट्री होने से मंडराया खतरा
बताया जा रहा है कि यह हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री जिस जगह पर स्थित है, उसके बिल्कुल पास एक घनी आवासीय बस्ती है। अगर आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आग बस्ती तक पहुंच सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल जोधपुर नगर निगम इस बात की जांच कर रहा है कि यह फैक्ट्री यहां नियमानुसार चल रही थी या इसका संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था।
प्रशासन की कार्रवाई पर फिर उठे सवाल
जोधपुर शहर के रिहायशी इलाकों में फैक्ट्रियों के संचालन का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले बासनी के ही गणेश नगर में एक अवैध केमिकल फैक्ट्री में आग लगने के बाद भयंकर ब्लास्ट हुआ था, जिसमें कई दमकल कर्मियों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इतने बड़े हादसे के बावजूद आवासीय क्षेत्रों में चल रही अवैध फैक्ट्रियों पर नगर निगम और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जो एक बड़ा चिंता का विषय है।