जोधपुर शहर और जिले के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में इस बार दीपावली की छुट्टियों (Diwali Holidays) को लेकर शिक्षक और विद्यार्थी दोनों ही असमंजस की स्थिति में हैं। शिक्षा विभाग के निर्धारित शिविरा पंचांग के अनुसार, स्कूलों में 4 नवंबर से 15 नवंबर तक दीपावली का अवकाश रहना है। लेकिन, इसी बीच विभाग की तरफ से 1 से 7 नवंबर तक स्कूलों में 'ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक' (BRICS Sustainable Lifestyle Week) आयोजित करने का नया आदेश आ गया है।
क्यों पैदा हुई छुट्टियों पर उलझन?
दरअसल, 'मिशन लाइफ' के तहत 1 नवंबर से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जोधपुर के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) ने 30 अक्टूबर को एक आदेश जारी किया। इस आदेश में जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (CBEO) को सरकारी और निजी स्कूलों में ब्रिक्स सप्ताह के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
अब शिक्षकों के सामने बड़ी उलझन यह है कि जब 4 नवंबर से 12 दिन की लंबी छुट्टियां शुरू हो रही हैं, तो 4 से 7 नवंबर के बीच स्कूलों में यह कार्यक्रम कैसे और किसके साथ आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने क्या कहा?
इस पूरे मुद्दे पर जोधपुर समग्र शिक्षा अभियान के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, भरत कुमार ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया, "मुख्यालय से हमें जो आदेश मिले थे, उन्हें हमने ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को भेज दिया है। बच्चों को पर्यावरण और अच्छी जीवनशैली के प्रति जागरूक करना एक बेहतरीन पहल है।"
उन्होंने आगे कहा कि छुट्टियां शुरू होने से पहले, मंगलवार को अगर विभाग की तरफ से कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में कोई नए दिशा-निर्देश या संशोधित आदेश आते हैं, तो उन्हें तुरंत आगे भेजकर लागू कर दिया जाएगा।
16 नवंबर से फिर शुरू होगी नियमित पढ़ाई
शिक्षा विभाग के कैलेंडर के अनुसार:
-
दीपावली अवकाश: 4 नवंबर से 15 नवंबर तक (कुल 12 दिन)।
-
इस दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों का भी अवकाश रहेगा।
-
प्रमुख त्योहार: 8 नवंबर को दीपावली, 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज है।
-
स्कूल फिर से खुलेंगे: लगातार 12 दिन की छुट्टियों के बाद 16 नवंबर से स्कूलों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां और कक्षाएं फिर से सुचारू रूप से शुरू हो जाएंगी।