रामदेवरा में दर्दनाक हादसा: बेकाबू कार ने श्रद्धालुओं को कुचला, 7 साल के मासूम की मौत, 6 घायल
जैसलमेर के रामदेवरा में बेकाबू कार ने श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी, जिससे 7 साल के बच्चे की मौत हो गई और चालक समेत 6 लोग घायल हो गए। हादसा गाय को बचाने के प्रयास में हुआ। सभी घायलों को पोकरण अस्पताल रेफर किया गया है।
जैसलमेर जिले के रामदेवरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 7 साल के मासूम की जान चली गई, जबकि कार चालक सहित छह लोग घायल हो गए। यह हादसा सुबह करीब 11 बजे रामदेवरा के नोखा चौराहे के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, वीरमदेवरा (रामदेवरा) की ओर से आ रही एक कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क पर पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर पास में लगे टीन शेड के पोल से जा टकराई।
इस हादसे में पाली जिले के झंवरिया गांव निवासी 7 वर्षीय माहिर पुत्र बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय वह अपने परिवार के साथ बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन कर लौट रहा था।हादसे में मृतक की मां ललिता, छोटे भाई रियान (2 वर्ष) और विवान (करीब 3.5 वर्ष), सुमित्रा (32) और वर्षा (10) घायल हो गए। इसके अलावा कार चालक बंशीलाल (69), निवासी वीरमदेवरा, भी घायल हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के सामने अचानक एक गाय आ गई थी। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार को साइड में मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और यह हादसा हो गया।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को रामदेवरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पोकरण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।