सड़क पर अचानक आई गाय बनी काल, पिकअप खाई में गिरने से प्याज व्यापारी की दर्दनाक मौत

सड़क पर अचानक गाय आने से पिकअप वाहन खाई में गिर गया, जिससे प्याज व्यापारी दीपाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

May 4, 2026 - 15:22
सड़क पर अचानक आई गाय बनी काल, पिकअप खाई में गिरने से प्याज व्यापारी की दर्दनाक मौत

बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क पर अचानक गाय आने से एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिसमें दबने से 28 वर्षीय प्याज व्यापारी दीपाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार डाबड़ गांव निवासी दीपाराम पुत्र भीखाराम अपने साथी प्रकाश के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर गुड़ामालानी से गांधव की ओर जा रहा था। सुबह के समय जब वे ढीबड़ी स्थित आलमजी मंदिर के पास पहुंचे, तभी अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलटकर सड़क किनारे करीब 5 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसा इतना गंभीर था कि दीपाराम वाहन के नीचे दब गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसके साथ मौजूद प्रकाश को हल्की चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। गुड़ामालानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन के नीचे दबे शव को बाहर निकाला। शव को गुड़ामालानी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।घायल साथी प्रकाश ने बताया कि गाय अचानक सामने आ जाने से वाहन बेकाबू हो गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक दीपाराम पेशे से प्याज व्यापारी था और वह अक्सर गुड़ामालानी, गांधव, सांचौर और जालोर क्षेत्रों में प्याज की खरीद-फरोख्त करता था। करीब 6 साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.