जयपुर रोड रेज मामला: बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती पर एक्शन, माफी मांगने के बाद भी कानूनी कार्रवाई जारी
जयपुर में रोड रेज के वायरल मामले में बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। युवती ने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी, लेकिन सार्वजनिक शांति भंग करने के चलते पुलिस ने इस्तगासा तैयार कर मामला मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है।
राजधानी Jaipur में सामने आए रोड रेज के एक वायरल मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बाइक में तोड़फोड़ करने वाली युवती के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि युवती ने अपनी गलती स्वीकार कर लिखित माफीनामा दिया है और एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीर मानते हुए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
पुलिस उपायुक्त Rajrishi Raj के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में एक युवती सड़क पर खड़ी एक बाइक पर पहले हेलमेट से और बाद में पत्थर से हमला करती नजर आ रही थी। बाइक चालक द्वारा बार-बार मना करने के बावजूद युवती का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार तोड़फोड़ करती रही।
हादसे से शुरू हुआ विवाद
जांच में सामने आया कि यह घटना 23 मार्च को सोडाला थाना क्षेत्र में 22 गोदाम पुलिया के पास, राम मंदिर के सामने हुई थी। एक स्कूटी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक उससे टकरा गई, जिससे आगे चल रही एक रेपिडो बाइक भी प्रभावित हुई। इस दौरान रेपिडो बाइक पर बैठी युवती को हल्की चोट आई और उसके कपड़े भी फट गए।
1700 रुपए की मांग, फिर बढ़ा विवाद
घटना के बाद युवती ने मौके पर ही 1700 रुपए की मांग की। जब बात नहीं बनी तो वह आक्रामक हो गई। पहले उसने हेलमेट से बाइक के साइड मिरर और इंडिकेटर तोड़े और फिर पत्थर उठाकर दोबारा नुकसान पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
विधायक की समझाइश भी बेअसर
घटना के दौरान मौके पर पहुंचे Gopal Sharma ने भी युवती को शांत करने की कोशिश की, लेकिन उसने उनसे भी बहस की और अपना आक्रामक व्यवहार जारी रखा।
पुलिस ने की पहचान, युवती ने मानी गलती
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने युवती की पहचान कर उसे पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसने गुस्से में आकर यह हरकत की। इसके बाद उसने लिखित माफीनामा दिया और वीडियो जारी कर माफी भी मांगी।
शिकायत नहीं, फिर भी कार्रवाई
हालांकि पीड़ित बाइक चालक ने डर के कारण कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस ने इस मामले को सार्वजनिक शांति से जुड़ा मानते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। युवती के खिलाफ इस्तगासा तैयार कर मामला कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।