गैस किल्लत के बीच जयपुर में सिलेंडर चोरी; भागते समय फिसली स्कूटी, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा आरोपी

जयपुर में गैस किल्लत के बीच सिलेंडर चोरी की घटना सामने आई, जहां दो बदमाश स्कूटी से सिलेंडर चुराकर भाग रहे थे। भागते समय स्कूटी फिसलने से दोनों गिर पड़े, जिसके बाद लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

Mar 23, 2026 - 15:14
गैस किल्लत के बीच जयपुर में सिलेंडर चोरी; भागते समय फिसली स्कूटी, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा आरोपी

जयपुर में रसोई गैस (LPG) की किल्लत के बीच सिलेंडर चोरी का मामला सामने आया है। रविवार सुबह बरकत नगर स्थित आदर्श बाजार की गली नंबर-5 में एक घर से सिलेंडर चुराकर भाग रहे बदमाशों में से एक को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे दो युवक स्कूटी पर सवार होकर इलाके में पहुंचे। इनमें से एक बदमाश घर के अंदर घुसा और पोर्च में रखा गैस सिलेंडर उठाकर बाहर ले आया। उसने सिलेंडर स्कूटी पर बैठे अपने साथी के पीछे रख दिया और दोनों मौके से भागने लगे।इसी दौरान मोड़ पर पहुंचते ही उनकी स्कूटी अचानक फिसल गई। हड़बड़ाहट में दोनों बदमाश सिलेंडर सहित सड़क पर गिर पड़े। यह देख आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने दोनों का पीछा करना शुरू कर दिया। भीड़ को आता देख एक बदमाश स्कूटी लेकर भाग निकला, जबकि दूसरा मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पकड़े गए आरोपी को लोगों ने घेरकर पकड़ लिया और बाद में बजाज नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया।डीसीपी (ईस्ट) संजीव नैन के अनुसार पकड़ा गया आरोपी रोहित (19) उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले का रहने वाला है और जयपुर में लालकोठी सब्जी मंडी के पास किराए पर रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह पैसों के लालच में किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर यह चोरी करने आया था।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.