भरतपुर में बेकाबू कार का कहर: 3 दोस्तों को मारी टक्कर, 16 साल के नाबालिग की मौत, ड्राइवर फरार
भरतपुर के चिकसाना थाना क्षेत्र में बेकाबू कार ने सड़क किनारे चल रहे तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में 16 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हैं। कार चालक मौके से फरार हो गया, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
राजस्थान के भरतपुर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। चिकसाना थाना क्षेत्र के सामसपुर गांव में सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन दोस्तों को एक बेकाबू कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
घटना गुरुवार सुबह करीब 10:20 बजे की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 16 वर्षीय अनुराग की मौत हो गई। वहीं, नवीन सिंह (20) और भोला (21) का भरतपुर के RBM अस्पताल में इलाज जारी है।
अंडर ट्रेनिंग IPS मर्रीपाटि नागा भरत ने बताया कि कार तेज गति में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर मारने के बाद आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया, हालांकि वह अपनी कार घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकला।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को जब्त कर लिया है और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार हरियाणा नंबर की है। फिलहाल पुलिस वाहन के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।