बहरोड़ : जिला कलेक्टर की सख्ती से 24 घंटे में साफ हुआ वार्ड, लापरवाही करने वालों पर गिरेगी गाज
बहरोड़ के गोकुलपुरा वार्ड-29 में महीनों से नहीं हुई सफाई की शिकायत राजस्थान संपर्क पोर्टल पर आने के बाद जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने तुरंत संज्ञान लिया। कुछ ही घंटों में तहसीलदार की टीम ने मौके पर पहुंची, पूरा इलाका साफ करवाया और लापरवाही बरतने वाले नगर परिषद कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
कोटपूतली-बहरोड़, 08 दिसंबर 2025 राजस्थान संपर्क पोर्टल पर आई एक साधारण-सी शिकायत ने नगर परिषद बहरोड़ के अफसरों की नींद उड़ा दी। गोकुलपुरा गांव के वार्ड नंबर 29 के निवासी नेमीचंद ने पोर्टल पर शिकायत दर्ज की थी कि उनके मोहल्ले में महीनों से सफाई नहीं हुई, सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हैं, नालियां जाम हैं और सफाई कर्मचारी आते ही नहीं। शिकायत जैसे ही जिला मुख्यालय पहुंची, कोटपूतली-बहरोड़ की जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने तुरंत संज्ञान ले लिया। उन्होंने तहसीलदार बहरोड़ राजेन्द्र मोहन शर्मा को फोन पर सख्त निर्देश दिए कि तुरंत मौके पर टीम भेजकर सफाई कार्य पूरा करवाएं ,कार्य पूरा होने के बाद फोटोग्राफ्स सहित रिपोर्ट भेजें ,इस मामले में लापरवाही बरतने वाले नगर परिषद बहरोड़ के जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए
कलेक्टर के निर्देश मिलते ही तहसीलदार राजेन्द्र मोहन शर्मा स्वयं हरकत में आ गए। उन्होंने राजस्व विभाग के पटवारी, गिरदावर व अन्य कर्मचारियों के साथ नगर परिषद बहरोड़ की सफाई टीम को तत्काल वार्ड नंबर 29, गोकुलपुरा गांव रवाना किया। मौके पर पहुंची टीम ने कुछ ही घंटों में पूरे वार्ड की सफाई कर दी। सड़कों से कचरा हटाया गया, जाम नालियां साफ की गईं, झाड़ियां काटी गईं और पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बना दिया गया। तहसीलदार राजेन्द्र मोहन शर्मा ने बताया,“जिला कलेक्टर के निर्देश पर हमने तुरंत कार्रवाई की। सफाई कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही नगर परिषद के सफाई निरीक्षक और संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अब इस वार्ड में रोजाना सफाई होगी। यदि दोबारा कोई शिकायत आई तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”
शिकायतकर्ता नेमीचंद ने भी संतोष जताते हुए कहा, “कई महीनों से हम परेशान थे। किसी ने ध्यान नहीं दिया। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत डाली तो जिला कलेक्टर महोदया ने तुरंत एक्शन लिया। आज पूरा मोहल्ला साफ हो गया है। हम कलेक्टर मैडम और तहसीलदार साहब के बहुत आभारी हैं।”जिला कलेक्टर कार्यालय सूत्रों ने बताया कि प्रियंका गोस्वामी ने इस प्रकरण की रिपोर्ट मंगवाई है और लापरवाही करने वाले नगर परिषद अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि राजस्थान संपर्क पोर्टल आम जनता की आवाज को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने में कितना प्रभावी साबित हो रहा है।